डायबिटीज मरीजों के लिए बड़ी राहत, अब रोज नहीं, हफ्ते में सिर्फ एक इंसुलिन इंजेक्शन, खर्च भी होगा कम

भारत में नोवो नॉर्डिस्क ने Awiqli साप्ताहिक इंसुलिन लॉन्च किया। टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज मरीजों के लिए यह सप्ताह में एक बार लगाया जाएगा। कंपनी का दावा है कि यह सस्ता और अधिक सुविधाजनक विकल्प है।

नई दिल्ली। डायबिटीज के लाखों मरीजों के लिए इलाज का तरीका बदलने वाली बड़ी खबर सामने आई है। अब हर दिन इंसुलिन का इंजेक्शन लेने की मजबूरी काफी हद तक खत्म हो सकती है। डेनमार्क की दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क ने भारत में Awiqli (इंसुलिन आइकोडेक) लॉन्च किया है, जिसे सप्ताह में सिर्फ एक बार लगाने की जरूरत होगी।

कंपनी का कहना है कि यह नई पीढ़ी का लॉन्ग-एक्टिंग बेसल इंसुलिन है, जिसे टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज से जूझ रहे वयस्क मरीजों के लिए तैयार किया गया है। यदि मरीज इस थेरेपी के लिए उपयुक्त पाया जाता है, तो रोजाना लगने वाले इंसुलिन इंजेक्शन की संख्या सालभर में 365 से घटकर सिर्फ 52 रह जाएगी।

होठों पर मुस्कान …

इलाज आसान, खर्च भी कम

Awiqli को भारत में ऐसे समय लॉन्च किया गया है, जब देश में डायबिटीज के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कंपनी का दावा है कि इसकी कीमत मौजूदा दैनिक बेसल इंसुलिन की तुलना में करीब 30 से 40 प्रतिशत तक कम रखी गई है।

700 यूनिट वाले FlexTouch पेन की कीमत 2,611 रुपये है। यानी प्रति यूनिट लागत करीब 3.73 रुपये पड़ती है। यदि किसी मरीज को रोजाना 10 यूनिट इंसुलिन की जरूरत है, तो उसे सप्ताह में 70 यूनिट इंसुलिन लगेगी, जिसकी अनुमानित लागत करीब 261 रुपये प्रति सप्ताह होगी।

रोज इंजेक्शन का डर बनेगा कम

नोवो नॉर्डिस्क इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर विक्रांत श्रोत्रिया के अनुसार, कई मरीज केवल रोज इंजेक्शन लगाने की झिझक की वजह से समय पर इंसुलिन थेरेपी शुरू नहीं कर पाते। इससे इलाज शुरू होने में कई वर्षों की देरी हो जाती है। सप्ताह में एक बार लगने वाला यह इंसुलिन मरीजों के लिए इलाज को अधिक सुविधाजनक बना सकता है और नियमित दवा लेने की संभावना भी बढ़ा सकता है।

क्लिनिकल ट्रायल में क्या मिला?

कंपनी द्वारा साझा किए गए क्लिनिकल डेटा के अनुसार, Awiqli ने रोजाना दिए जाने वाले इंसुलिन ग्लार्जिन U100 की तुलना में HbA1c (तीन महीने की औसत ब्लड शुगर का संकेतक) को नियंत्रित करने में बेहतर परिणाम दिखाए। साथ ही अधिक मरीजों ने बिना गंभीर हाइपोग्लाइसीमिया के HbA1c को 7 प्रतिशत से नीचे बनाए रखने में सफलता हासिल की।

दो वेरिएंट में मिलेगा

Awiqli भारतीय बाजार में दो विकल्पों में उपलब्ध होगा—

  • 1 मिलीलीटर (700 यूनिट) FlexTouch पेन₹2,611
  • 3 मिलीलीटर (2,100 यूनिट) FlexTouch पेन₹7,833

कंपनी के अनुसार, यह उत्पाद अगले सप्ताह से भारतीय बाजार में उपलब्ध होना शुरू हो जाएगा।

भारत में क्यों है बड़ी जरूरत?

भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां डायबिटीज तेजी से बढ़ रही है। अनुमान है कि देश में 10.1 करोड़ से अधिक लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं। इसके अलावा 9 लाख से ज्यादा लोग टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित हैं, जिनके लिए इंसुलिन जीवनभर का जरूरी उपचार है। ऐसे में सप्ताह में एक बार लगने वाला इंसुलिन कई मरीजों के लिए इलाज को अधिक आसान बना सकता है।

(नोट: कोई भी नया इंसुलिन या थेरेपी शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या एंडोक्राइनोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें।)

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

EPFO का बड़ा बदलाव: अब PF से जुड़े काम होंगे आसान, देशभर में एक सिस्टम से मिलेगी सुविधा

लेंस पहनकर सो गए? सुबह उठते ही हो सकती है जिंदगी की सबसे बड़ी गलती | डॉक्टर बोले- 5 मिनट की जल्दबाजी आंखों की रोशनी तक छीन सकती है

क्या हाई BP बदल सकता है आपका स्वभाव? | नई स्टडी का दावा- दिल ही नहीं, दिमाग और पर्सनैलिटी पर भी पड़ सकता है असर

मुसीबत में हैं तो याद रखें सिर्फ 5 अंक… 14490 | महिलाओं के लिए 24 घंटे खुली रहेगी मदद की लाइन, शिकायत से काउंसलिंग तक मिलेगी सहायता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *