पट्टों पर सियासत का आरोप, संघर्ष समिति ने बुलाई निर्णायक बैठक: कच्चा परकोटा के लोगों में डर और संशय का माहौल | 15 फरवरी को बनेगी आगे की रणनीति

भरतपुर के कच्चा परकोटा क्षेत्र में पट्टों को लेकर विवाद गहराया। संघर्ष समिति ने राजनीतिक साजिश का आरोप लगाते हुए 15 फरवरी को फुलवाड़ी पार्क में रणनीतिक बैठक बुलाई।

भरतपुर 

भरतपुर के कच्चा परकोटा क्षेत्र में पट्टों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कच्चा परकोटा नियमन संघर्ष समिति ने आरोप लगाया है कि कुछ राजनीतिक लोग गरीब, दलित, अल्पसंख्यक और मजदूर वर्ग को मिले वैध पट्टों को लेकर संशय और भय का माहौल पैदा कर रहे हैं, जिससे न केवल लोगों की उम्मीदें प्रभावित हो रही हैं, बल्कि पूरी प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

समिति के उप संयोजक श्रीराम चंदेला ने  बयान जारी कर कहा कि नगर निगम द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत अब तक हजारों पट्टे जारी किए जा चुके हैं, लेकिन निशाना सिर्फ कच्चा परकोटा क्षेत्र के पट्टों को बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है, ताकि असली जन समस्याओं और कथित फर्जी पट्टों के मामलों से ध्यान भटकाया जा सके।

खाटू श्याम के दर्शन से पहले ही थम गया सफर: ट्रेलर में समाई कार, महिला समेत 5 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत | जयपुर में दर्दनाक हादसा

अब संघर्ष समिति बनाएगी अगली रणनीति

इस पूरे घटनाक्रम के विरोध में कच्चा परकोटा नियमन संघर्ष समिति ने रविवार, 15 फरवरी 2026 को दोपहर 2 बजे सहयोग नगर स्थित फुलवाड़ी पार्क में एक विशेष बैठक बुलाई है। बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक जगराम धाकड़ करेंगे, जिसमें आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।

समिति का कहना है कि वर्ष 2021 से अब तक प्रशासन शहरों के संग अभियान और अन्य योजनाओं के तहत नगर निगम भरतपुर द्वारा करीब 20 हजार से अधिक पट्टे जारी किए गए हैं। इनमें कच्ची बस्ती नियमन, स्टेट ग्रांट, धारा 69ए और अन्य योजनाएं शामिल हैं। बावजूद इसके, कुछ जनप्रतिनिधि केवल कच्चा परकोटा क्षेत्र को केंद्र में रखकर विवाद खड़ा कर रहे हैं।

‘गरीबों के हक को बनाया जा रहा निशाना’

संघर्ष समिति का आरोप है कि कच्चा परकोटा क्षेत्र के लोग लंबे संघर्ष और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पट्टे प्राप्त कर पाए हैं, लेकिन अब उन्हीं पट्टों को लेकर भय का वातावरण बनाया जा रहा है। समिति का यह भी कहना है कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान कुछ जनप्रतिनिधियों ने स्वयं घर-घर जाकर अधूरे और अहस्ताक्षरित पट्टों का वितरण किया था, लेकिन अब वही लोग इन पट्टों पर सवाल उठा रहे हैं।

समिति के अनुसार यह पूरा विवाद न केवल गरीब और वंचित वर्ग के अधिकारों को प्रभावित कर रहा है, बल्कि शहर के अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों से भी ध्यान भटकाने की कोशिश है।

संघर्ष समिति ने कच्चा परकोटा क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की है कि वे बैठक में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता का परिचय दें।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

सुसंस्कृत सौदा…

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।