धौलपुर के मनियां थाना क्षेत्र में फूलपुर गांव रोड पर बच्चों और महिलाओं से भरी ईको वैन पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में दो बालिकाओं, एक बालक और महिला समेत चार की मौत हो गई।
धौलपुर। जाहरवीर बाबा के दर्शन के लिए निकला परिवारों का सफर शनिवार को उस वक्त मातम में बदल गया, जब फूलपुर गांव के पास बच्चों और महिलाओं से भरी एक ईको वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा पलटी। हादसे में दो मासूम बालिकाओं, एक बालक और एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। वैन में सवार करीब 8 लोग घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि सैंपऊ उपखंड क्षेत्र से करीब 10 से 12 लोग ईको वैन में सवार होकर जाहरवीर बाबा के दर्शन के लिए मनियां थाना क्षेत्र की ओर जा रहे थे। फूलपुर गांव रोड पर पहुंचने के दौरान अचानक वैन का संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वैन सड़क से नीचे उतरकर पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गई।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और पानी में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मनियां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। वैन को पानी से बाहर निकालने के लिए बाद में क्रेन भी मंगवाई गई। हादसे में घायल लोगों को मनियां अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही 4 की मौत
मनियां अस्पताल के चिकित्सक के अनुसार, हादसे के बाद 8 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से चार की पहले ही मौत हो चुकी थी। मृतकों में दो मासूम बालिकाएं, एक बालक और एक महिला शामिल हैं। बाकी चार घायलों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धौलपुर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उपचाराधीन घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
फूलपुर रोड पर कैसे बिगड़ा संतुलन?
हादसे की सूचना मिलते ही मनियां थाना प्रभारी, सीओ सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वैन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग सैंपऊ उपखंड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की खबर फैलते ही सैंपऊ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
रेलवे का बड़ा फैसला: नॉन-सेफ्टी पदों पर पदोन्नति में मिलेगा ‘बेस्ट अमंगस्ट द फेल्ड’ नीति का लाभ
