राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय है। जयपुर समेत 24 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। 5 सितंबर को भरतपुर-कोटा संभाग में भारी और अतिभारी बारिश की संभावना है।
जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय है और अगले दो दिन कई इलाकों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने वाला है। जयपुर समेत 24 जिलों में बारिश और मेघगर्जन का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अचानक तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जयपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। खासकर 5 सितंबर को भरतपुर और कोटा संभाग में भारी बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर अतिभारी बारिश भी हो सकती है।
जयपुर में बारिश के साथ 40 KM की रफ्तार से हवाओं का अलर्ट
जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं। इनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसी के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने जयपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य प्रभावित जिलों में येलो अलर्ट दिया गया है।
इन जिलों में भी बदलेगा मौसम
चूरू, सीकर, झुंझुनूं, डीडवाना-कुचामन, नागौर, टोंक, चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा, झालावाड़, बारां, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, डीग, भरतपुर, धौलपुर, अजमेर और भीलवाड़ा तथा आसपास के इलाकों में मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
5 सितंबर को भरतपुर-कोटा संभाग पर ज्यादा नजर
मौसम विभाग ने 5 सितंबर को भरतपुर और कोटा संभाग के लिए मौसम का ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। इन संभागों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की भी संभावना है।
इसके बाद 6 और 7 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
वहीं 8 सितंबर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में फिर कमी आने की प्रबल संभावना जताई गई है।
क्यों बदला राजस्थान का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार इस समय वेल मार्क लो प्रेशर एरिया उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन भी श्रीगंगानगर और इस लो प्रेशर एरिया से होकर गुजर रही है।
इसी सिस्टम के असर से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं और अगले दो दिनों तक कई इलाकों में इसका असर देखने को मिल सकता है।
खंडार में 130 MM बारिश ने बढ़ाई चिंता
पिछले 24 घंटों में कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में कई जगह मध्यम से भारी और अतिभारी बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान सवाई माधोपुर के खंडार में सर्वाधिक 130 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। भारी बारिश के इस आंकड़े ने एक बार फिर प्रदेश में सक्रिय मानसून की तस्वीर साफ कर दी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
रेलवे का बड़ा फैसला: नॉन-सेफ्टी पदों पर पदोन्नति में मिलेगा ‘बेस्ट अमंगस्ट द फेल्ड’ नीति का लाभ
