डीग में अवैध खनन मामले में एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने कामा थाने के ASI पूरन सिंह समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
डीग। अवैध खनन के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच अब कार्रवाई पुलिस विभाग तक पहुंच गई है। खनन माफिया से कथित मिलीभगत के आरोपों के बाद जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने कामा थाने में तैनात एक एएसआई और तीन कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में एएसआई पूरन सिंह, कांस्टेबल चंद्रशेखर, कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल प्रशांत शामिल हैं। रविवार देर रात जारी आदेशों के बाद चारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
‘इतनी कमाई चाहिए…’ क्या अब डॉक्टरों को भी दिए जा रहे हैं सेल्स टारगेट?
एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि शुरुआती शिकायतों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच में यदि अवैध खनन में किसी भी तरह की संलिप्तता, संरक्षण या मिलीभगत साबित होती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने साफ संदेश दिया कि जिले में अवैध खनन को संरक्षण देने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, जांच का दायरा अभी खुला हुआ है। ऐसे में यदि जांच के दौरान अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई से इनकार नहीं किया जा सकता। यही वजह है कि इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस विभाग की नजर जांच की अगली रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
जिले में लंबे समय से अवैध खनन पर शिकंजा कसने की कवायद चल रही है। ऐसे में पुलिसकर्मियों पर हुई यह कार्रवाई केवल निलंबन तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे अवैध खनन नेटवर्क पर सख्ती के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
