पांच माह में 31 बार कोरोना टेस्ट, हर बार आई पॉजिटिव

कोरोना वायरस 

[DISPLAY_ULTIMATE_SOCIAL_ICONS]

राजस्थान के भरतपुर जिले में कोरोना पीड़ित महिला का एक ऐसा अनूठा मामला रिपोर्ट किया गया है जिसमें उसने पिछले पांच माह में 31 बार कोरोना की जांच कराई और हर बार वह पॉजिटिव निकली। इससे डॉक्टर्स भी हैरान हैं।

मजेदार बात यह है कि इस महिला ने कोरोना के उपचार के लिए एलोपैथी, आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक तीनों पद्धतियों से अपना उपचार करा लिया। पर जांच में वह हर बार पॉजिटिव निकल रही है। हालांकि यह महिला अपने आपको पूर्णत:स्वस्थ महसूस कर रही है। उसे किसी प्रकार की कमजोरी भी नहीं है। पर जांच रिपोर्ट हर बार पॉजिटिव ही आ रही है। अब उस महिला को जयपुर में भर्ती करवाया जाएगा। 

 शारदा नाम की यह महिला अभी तक भरतपुर में अपना घर आश्रम में भर्ती थी। 4 सितंबर, 2020 को पहली बार महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 4 सितंबर के बाद से अब तक महिला का 31 बार कोरोना टेस्ट करवाया जा चुका है। महिला को तब से लगातार क्वारंटाइन  रखा गया है। अपना घर आश्रम में बड़ी तादाद में असहाय लोग रहते हैं। उनमें भी कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा था। इसे देखते हुए शारदा देवी के लिए अलग से वार्ड बनाया गया। अपना घर आश्रम के सूत्रों के अनुसार शारदा देवी के माता-पिता का निधन हो चुका है।  उनके ससुराल वालों ने भी उन्हें घर से निकाल दिया था। बीमारी की वजह से उसका वजन बढ़ रहा है। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने महिला के 31 बार पॉजिटिव आने पर कहा कि कई बार मृत वायरस शरीर में रह जाता है। यह वायरस शरीर का कोई नुकसान नहीं करता लेकिन रिपोर्ट पॉजिटिव ही आती रहती है।





 

प्रतिक्रिया देने के लिए ईमेल करें  : ok@naihawa.com

 


SHARE THIS TOPIC WITH YOUR FREINDS