बीकानेर में ACB की बड़ी कार्रवाई: लोहावट BDO नारायण सुथार 8.14 लाख रुपए नकद के साथ भीनासर नाके पर गिरफ्तार। कार की सीट के नीचे छिपा रखा था रिश्वत का बैग, घर पर ACB की रेड जारी।
बीकानेर। राजस्थान में सरकारी अफसरों की काली कमाई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की विशेष इकाई ने फलोदी जिले के लोहावट में पदस्थापित ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) नारायण सुथार को 8 लाख 14 हजार रुपए की नकद राशि के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। एसीबी ने गुप्त सूचना के आधार पर भीनासर नाके के पास अचानक नाकाबंदी कर इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
सीट के नीचे छिपा था नोटों से भरा बैग
एसीबी की विशेष टीम को अपने मुखबिर तंत्र से पुख्ता इनपुट मिला था कि लोहावट बीडीओ नारायण सुथार रिश्वत का एक मोटा अमाउंट अपनी कार में रखकर जोधपुर से बीकानेर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही डीएसपी इन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने भीनासर नाके पर घेराबंदी की। अधिकारी की कार के पहुंचते ही उसे रुकवाकर जब तलाशी ली गई, तो खलासी (बांई) साइड की सीट के नीचे एक बैग छिपाकर रखा हुआ मिला। बैग खोलने पर उसमें 500-500 रुपए की नोटों की गड्डियों में कुल 8,14,000 रुपए बरामद हुए।
5 डे बैंकिंग वीक पर बढ़ा पेंच! यूनियन बोली- समझौता हुआ था, सरकार ने कहा- हमने कोई वादा नहीं किया
आवास पर रेड, वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही ACB
मौके पर ही जब एसीबी अधिकारियों ने बीडीओ से इस भारी-भरकम रकम का वैध स्रोत या दस्तावेज मांगे, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद एसीबी ने पूरी नकदी जब्त कर आरोपी अधिकारी को हिरासत में ले लिया। मूल रूप से बीकानेर के विश्वकर्मा गेट क्षेत्र के निवासी नारायण सुथार को एसीबी की टीम उनके आवास पर (हाउस सर्च) लेकर गई है, जहां अन्य जमीनों, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
महानिदेशक के निर्देश पर बड़ा एक्शन
एसीबी (विशेष इकाई) के एएसपी आशीष कुमार के अनुसार, यह कार्रवाई एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के कड़े निर्देशों पर की गई है। फिलहाल आरोपी बीडीओ से यह राज उगलावाया जा रहा है कि यह रकम किस सरकारी काम/फाइल को पास करने के बदले ऐंठी गई थी और इसका हिस्सा किन-किन अन्य लोगों तक पहुंचाया जाना था।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
