भरतपुर के महारानी श्रीजया राजकीय महाविद्यालय में गुरु वंदन कार्यक्रम आयोजित हुआ। सुनील चतुर्वेदी, भागीरथजी, डॉ. संजय कुमार और डॉ. योगेन्द्र कुमार ने शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में गुरु की भूमिका पर विचार रखे।
भरतपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (उच्च शिक्षा), राजस्थान की ओर से महारानी श्रीजया राजकीय महाविद्यालय, भरतपुर की स्थानीय इकाई द्वारा मंगलवार को ‘गुरु वंदन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में गुरु की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई तथा शिक्षकों से अपने दायित्वों का समर्पित भाव से निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्र को वैभवशाली बनाने में शिक्षक, शिक्षार्थी और समाज—तीनों की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अपने शैक्षिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों को गुरु के उत्तरदायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि RSS के विभाग संघचालक भागीरथ ने अपने उद्बोधन में कुटुंब प्रबोधन को सशक्त एवं संस्कारित समाज निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि संस्कारवान परिवार ही सशक्त भारत की पहचान हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने कहा कि शिक्षक को अपने गुरुत्व को व्यवहार में उतारते हुए गुरु धर्म का निर्वहन करना होगा। तभी समाज को सही दिशा मिलेगी और राष्ट्र निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर होगा।
विशिष्ट अतिथि डॉ. योगेन्द्र कुमार, प्रान्त कार्यकारिणी सदस्य, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ए.बी.आर.एस.एम.) ने संगठन की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन का स्वरूप अखिल भारतीय है तथा इसका उद्देश्य चरित्रवान, राष्ट्रनिष्ठ और उत्तरदायी नागरिकों का निर्माण करना है।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत प्रो. आर.के. उपाध्याय (जिला अध्यक्ष, ए.बी.आर.एस.एम.) एवं प्रो. राजेश सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. मुकेश कुमार, श्री अशोक कुमार शर्मा एवं डॉ. रवीन्द्र कुमार शर्मा ने अतिथियों को अंतरराष्ट्रीय सेमिनार की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन इकाई सचिव डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि श्री तोरन सिंह ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रो. अंजू तँवर, प्रो. शिल्पी दीप माथुर, प्रो. सन्तोष गुप्ता, प्रो. अशोक कुमार गोयल, प्रो. नरेश कुमार गोयल, प्रो. के.के. श्रीवास्तव, श्री मनोज सिंह, डॉ. धर्मवीर गुर्जर, डॉ. कमलेश वर्मा, डॉ. सुनयना सिंह, डॉ. रविन्द्र सिंह, डॉ. जितेन्द्र रैंकवार, डॉ. मनोज कुमार मीना, प्रो. धर्मेन्द्र कुमार, डॉ. भूपेन्द्र वर्मा तथा श्री प्रदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘इतनी कमाई चाहिए…’ क्या अब डॉक्टरों को भी दिए जा रहे हैं सेल्स टारगेट?
