भरतपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति मंच ने आपातकाल की 52वीं बरसी पर काला दिवस मनाया। कार्यक्रम में मधु शर्मा और मीसाबंदी गिरधारी तिवारी ने आपातकाल को लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए अपने विचार रखे।
भरतपुर। आपातकाल की 52वीं बरसी पर शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति मंच, जिला भरतपुर की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर इसे ‘काला दिवस’ के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने 1975 में लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताते हुए इसे कभी न भूलने की बात कही। इस दौरान लोकतंत्र सेनानी एवं मीसाबंदी गिरधारी तिवारी का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मंच की संस्थापक संरक्षक एवं महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मधु शर्मा रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकतंत्र सेनानी, मीसाबंदी एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री गिरधारी तिवारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह जघीना ने की। शुरुआत में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का माला, साफा एवं पटका पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि मधु शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया आपातकाल देश के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय था। उन्होंने कहा कि उस दौर में अखबारों पर पाबंदियां लगाई गईं, संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित किया गया और विरोध करने वालों को जेलों में डालकर मानसिक एवं शारीरिक यातनाएं दी गईं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने जेल में रहकर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।
विशिष्ट अतिथि एवं मीसाबंदी गिरधारी तिवारी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आपातकाल स्वतंत्र भारत के इतिहास पर लगा काला धब्बा था। उन्होंने बताया कि उस समय जेलों में बंद लोकतंत्र सेनानियों को किन कठिन परिस्थितियों और यातनाओं का सामना करना पड़ा तथा किस तरह उनके संघर्ष से देश लोकतांत्रिक व्यवस्था की ओर लौट सका। उन्होंने कहा कि इसी कारण भारतीय जनता पार्टी इस दिन को लोकतंत्र की हत्या और काला दिवस के रूप में मनाती है।
कार्यक्रम के दौरान मंच की ओर से मीसाबंदी गिरधारी तिवारी का सम्मान भी किया गया। अंत में जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह जघीना ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री (युवा) संतोष चतुर्वेदी ने किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर मंच के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र गोयल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं नगर निगम पार्षद श्यामसुंदर गौड़, राजवीर घसोला, गोविंद राजपूत, मुकेश पाठक, विष्णु अग्रवाल, मनोज दुबे, गिरवर जघीना, राधेश्याम टुंडा, चंदन ठेकेदार, राजेश सिंह तमरौली, सुरेंद्र सिंह उवार, अजय, राजकुमार, अनिल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
