राजस्थान में न्यायिक महकमे में फिर बड़ा फेरबदल, न्यायिक अधिकारियों के तबादले, एक DJ को मिली प्रमुख विधि सचिव की कमान

राजस्थान हाईकोर्ट ने सात न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए हैं। डीजे बलजीत सिंह को रिलीव कर प्रमुख विधि सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जयपुर। राजस्थान के न्यायिक महकमे में मंगलवार को एक बार फिर प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन ने जिला न्यायाधीश और वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश संवर्ग के सात अधिकारियों के पदस्थापन एवं तबादले के आदेश जारी कर दिए। इस फेरबदल में किसी को औद्योगिक ट्रिब्यूनल की जिम्मेदारी मिली है तो किसी को जिला एवं सेशन न्यायाधीश के पद पर नई नियुक्ति दी गई है। वहीं, प्रशासनिक बदलाव के बीच एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम में हाईकोर्ट ने डीजे बलजीत सिंह को रिलीव कर दिया है। वे अब राजस्थान के नए प्रमुख विधि सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।

डीग से लेकर कोटा और अजमेर तक बदली न्यायिक अधिकारियों की पोस्टिंग

हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा की ओर से जारी आदेश में जिला न्यायाधीश संवर्ग के चार अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। आदेश के मुताबिक, वरुण तलवार को जोधपुर महानगर स्थित पारिवारिक न्यायालय संख्या-2 से हटाकर औद्योगिक ट्रिब्यूनल कम लेबर कोर्ट, कोटा में नियुक्त किया गया है। वहीं महेंद्र कुमार ढाबी को भीलवाड़ा पारिवारिक न्यायालय संख्या-1 से औद्योगिक ट्रिब्यूनल कम लेबर कोर्ट, अजमेर भेजा गया है। इस फेरबदल में डीग जिला न्यायालय को भी नया मुखिया मिला है। डीजे देवेंद्र सिंह नागर को जोधपुर महानगर स्थित औद्योगिक ट्रिब्यूनल कम लेबर कोर्ट से जिला एवं सेशन न्यायाधीश, डीग के पद पर लगाया गया है। वे डीजे उपेंद्र शर्मा का स्थान लेंगे।

इसी तरह डीजे मनीषा चौधरी को बीकानेर स्थित विशेष पॉक्सो कोर्ट संख्या-2 से औद्योगिक ट्रिब्यूनल कम लेबर कोर्ट, जोधपुर महानगर में न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वे देवेंद्र सिंह नागर की जगह जिम्मेदारी संभालेंगी।

वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश संवर्ग के तीन अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी

हाईकोर्ट प्रशासन ने वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश संवर्ग में भी तीन अधिकारियों की नई पोस्टिंग की है। कविता सोनी को बीकानेर किशोर न्याय बोर्ड में प्रधान मजिस्ट्रेट के पद से स्थानांतरित कर वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बांसवाड़ा नियुक्त किया गया है। वे अंकित दवे का स्थान लेंगी। इंद्र सिंह मीणा को जोधपुर महानगर में अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-7 से हटाकर किशोर न्याय बोर्ड, टोंक में प्रधान मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं गुरजोत सिंह को जयपुर महानगर प्रथम स्थित किशोर न्याय बोर्ड संख्या-1 के प्रधान मजिस्ट्रेट पद से हटाकर राजस्थान हाईकोर्ट में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया है।

भरतपुर के पूर्व DJ बलजीत सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अब संभालेंगे प्रमुख विधि सचिव का पद

न्यायिक अधिकारियों के तबादलों के बीच डीजे बलजीत सिंह को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रशासनिक घटनाक्रम हुआ है। राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन ने मंगलवार दोपहर बाद उन्हें रिलीव कर दिया। वे अब राज्य के नए प्रमुख विधि सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगे और डीजे राघवेन्द्र काछवाल का स्थान लेंगे। बलजीत सिंह इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे भरतपुर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर तैनात थे।

पिछले दिनों उन्हें भरतपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद से राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) लगाया गया था। इसके बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने उन्हें प्रमुख विधि सचिव की नई जिम्मेदारी सौंपी। अब हाईकोर्ट से रिलीव होने के बाद वे राज्य के प्रमुख विधि सचिव के रूप में नई पारी शुरू करेंगे। इस तरह मंगलवार को जारी सात न्यायिक अधिकारियों के तबादला आदेशों के साथ ही बलजीत सिंह की नई नियुक्ति भी न्यायिक एवं प्रशासनिक महकमे की अहम खबर बन गई है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

‘खाना खाते वक्त मां पापा की गोद में बैठती थीं…’ राहुल के बयान पर बवाल, सफाई में शिव-पार्वती की तस्वीर डालते ही और भड़का लोगों का गुस्सा; बोले – अपने को भगवान ना समझें राहुल

‘आप इस कुर्सी के लायक नहीं…’ CJI सूर्यकांत से भिड़ गया वकील, सुप्रीम कोर्ट में मचा हड़कंप; बंद करना पड़ा ऑडियो-वीडियो

अब जनकपुर से अयोध्या तक सीधे पहुंचेगी ट्रेन, माता सीता और प्रभु श्रीराम की नगरी जुड़ेंगी, 604 KM का होगा सफर; जानिए कहां-कहां रुकेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *