वैर के समीपवर्ती ग्राम बाँसी में 27 जून को आयोजित सम्मान समारोह में भरतपुर के पूर्व सांसद एवं शतायु समाजवादी नेता पंडित रामकिशन का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। किसान नेता इन्दल सिंह जाट सहित कई गणमान्यजन भी सम्मानित होंगे।
वैर। समाजवादी विचारधारा के शताब्दी पुरुष, भरतपुर के पूर्व सांसद एवं वैर के पूर्व विधायक पंडित रामकिशन का नागरिक अभिनंदन 27 जून को समीपवर्ती ग्राम बाँसी में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में किया जाएगा। समारोह में संघर्षशील किसान नेता इन्दल सिंह जाट भी शामिल होंगे।
ग्राम बाँसी में मास्टर प्रेम सिंह इन्दोलिया के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मान समारोह को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकारों से जुड़े नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार अपने जीवन के 100 वर्ष पूर्ण करने के बावजूद जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने वाले पंडित रामकिशन के लंबे सार्वजनिक जीवन, समाजवादी मूल्यों और जनसंघर्षों में उनके योगदान के सम्मान में नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
समारोह में जल एवं किसान हितों से जुड़े आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पानी आन्दोलन के संयोजक किसान नेता इन्दल सिंह जाट सहित अनेक गणमान्य नागरिकों का भी सम्मान किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि यह समारोह केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन व्यक्तित्वों के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक होगा जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा और जनसंघर्षों को समर्पित किया है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
