राजस्थान के पांचों विद्युत निगमों में 2,005 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। जूनियर इंजीनियर, जूनियर अकाउंटेंट और जूनियर असिस्टेंट समेत कई पदों पर जुलाई 2026 से आवेदन लिए जाएंगे।
जयपुर। राजस्थान के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश के पांचों विद्युत निगमों में एक साथ 2,005 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम ने विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया जुलाई 2026 से शुरू होगी।
इस भर्ती अभियान के तहत सबसे अधिक 765 पद जूनियर असिस्टेंट/कॉमर्शियल असिस्टेंट-द्वितीय के लिए रखे गए हैं। इसके अलावा 727 पद कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल), 110 पद कनिष्ठ अभियंता (मैकेनिकल), 32 पद कनिष्ठ अभियंता (सिविल) और 371 पद कनिष्ठ लेखाकार के लिए निर्धारित किए गए हैं। कुल मिलाकर 2,005 रिक्तियों पर भर्ती की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। बजट घोषणा के अनुरूप शुरू की गई यह भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में मानव संसाधन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
दिलचस्प बात यह है कि तकनीशियन-तृतीय के 2,163 पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद यह नई भर्ती शुरू की गई है। हाल ही में तकनीशियन भर्ती का अंतिम परिणाम जारी किया गया और नियुक्ति आदेश भी जारी कर दिए गए। इसके साथ ही विभाग ने अगली बड़ी भर्ती का ऐलान कर दिया।
यह भर्ती राज्य की पांच प्रमुख विद्युत कंपनियों—राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम, राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम, जयपुर विद्युत वितरण निगम, अजमेर विद्युत वितरण निगम और जोधपुर विद्युत वितरण निगम—के लिए की जाएगी।
आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थी जुलाई 2026 से ऊर्जा विभाग और विद्युत निगमों की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ विस्तृत पात्रता, आयु सीमा, परीक्षा योजना और आवेदन तिथियों की जानकारी भी उपलब्ध करा दी जाएगी।
कैमरे में कैद हुई ‘कमीशन की गिनती’, कुर्सी गई फौरन | वायरल वीडियो के बाद नगर परिषद आयुक्त सस्पेंड
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग, कॉमर्स और स्नातक वर्ग के युवाओं के लिए यह भर्ती वर्ष 2026 की सबसे बड़ी अवसरों में से एक मानी जा रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
