बालोतरा में एसीबी ने भू-अभिलेख निरीक्षक नारायणलाल को नेखमबंदी के बदले 20,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पहले भी 4 हजार रुपये ले चुका था। मामले की जांच जारी है।
बालोतरा। खेत की जमीन की नेखमबंदी कराने के लिए सरकारी दफ्तर के चक्कर काट रहे किसान से मोटी रकम वसूलना एक राजस्व निरीक्षक को महंगा पड़ गया। जैसे ही उसने रिश्वत के 20,500 रुपये अपनी जेब में रखे, पहले से घात लगाए बैठी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इससे पहले भी परिवादी से 4 हजार रुपये वसूल चुका था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारायणलाल के रूप में हुई है, जो सर्किल नगर, तहसील गुड़ामालानी (जिला बालोतरा) में भू-अभिलेख निरीक्षक (रेवेन्यू इंस्पेक्टर) के पद पर तैनात है। परिवादी ने एसीबी को शिकायत देकर बताया था कि उसके पिता चैनाराम की कृषि भूमि की नेखमबंदी का कार्य जानबूझकर लटकाया जा रहा है और काम करने के बदले लगातार रिश्वत मांगी जा रही है।
30 हजार की डिमांड, पहले 4 हजार ले चुका था
मामला उपखंड मजिस्ट्रेट, गुड़ामालानी के न्यायालय से जुड़े नेखमबंदी आदेश का था। आदेश की पालना के लिए तहसीलदार ने नारायणलाल को कमीशनर नियुक्त किया था। आरोप है कि मौके पर जाकर नेखमबंदी करने के एवज में उसने 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और परिवादी पर लगातार दबाव बनाता रहा।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हो गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले ही 4 हजार रुपये ले चुका था और बाकी रकम लेने की तैयारी में था।
26 हजार लिए, 5,500 लौटाए… फिर भी नहीं बच पाया
ट्रैप के दौरान आरोपी ने परिवादी और उसके पिता से 26 हजार रुपये लिए। इसी दौरान सह-परिवादी के अनुरोध पर उसने 5,500 रुपये वापस लौटा दिए, लेकिन शेष 20,500 रुपये अपने पास रखते ही एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की पूरी बरामद राशि जब्त कर ली गई।
यह कार्रवाई एसीबी रेंज जोधपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के निर्देशन में तथा एसीबी बाड़मेर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई।
अब पुराने मामलों की भी होगी पड़ताल
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी इसी तरह नेखमबंदी या अन्य राजस्व कार्यों के नाम पर रिश्वत तो नहीं वसूली।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
SBI में 1500 प्रोबेशनरी ऑफिसर पदों पर भर्ती: 8 जुलाई तक करें आवेदन, 21.97 लाख तक मिलेगा सालाना पैकेज
