दौसा में राजस्थान पेंशनर समाज ने RGHS योजना के तहत इलाज और दवा नहीं मिलने पर विरोध प्रदर्शन किया। पेंशनर्स ने सरकार को चेतावनी देते हुए जल्द समाधान की मांग की।
दौसा
राजस्थान में आरजीएचएस योजना को लेकर पेंशनर्स का गुस्सा अब खुलकर सड़कों पर दिखाई देने लगा है। राजस्थान पेंशनर समाज की जिला शाखा ने बुधवार को भारी विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर दौसा को ज्ञापन सौंपा। पेंशनर्स ने आरोप लगाया कि पिछले तीन-चार महीनों से आरजीएचएस योजना के तहत न तो अस्पताल इलाज दे रहे हैं और न ही फार्मा स्टोर दवाइयां उपलब्ध करा रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान पेंशनर्स ने साफ कहा कि जब अस्पतालों और मेडिकल स्टोर्स को सरकार की ओर से भुगतान ही नहीं मिलेगा तो आखिर बुजुर्गों का इलाज कैसे होगा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस गंभीर समस्या से मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री को पहले भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समाधान आज तक नहीं निकला।
दौसा जिला अध्यक्ष गोवर्धन लाल शर्मा ने सरकार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकांश पेंशनर्स जीवन के अंतिम पड़ाव में हैं और उन्हें नियमित चिकित्सा सुविधाओं की सबसे ज्यादा जरूरत है। लेकिन हालात ऐसे हो चुके हैं कि बुजुर्ग इलाज के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कई पेंशनर्स इतने कमजोर हैं कि वे निजी अस्पतालों में नकद भुगतान कर इलाज करवाने की स्थिति में भी नहीं हैं। ऐसे में यदि किसी पेंशनर के साथ कोई अनहोनी होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
जिला संघर्ष समिति के संयोजक भगवान वर्मा ने कहा कि सरकार हर महीने कर्मचारियों और पेंशनर्स से राशि तो वसूल रही है, लेकिन बदले में न दवा मिल रही है और न इलाज। उन्होंने मुख्यमंत्री से तुरंत हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की।
पूर्व जिला अध्यक्ष हर सहाय शर्मा ने भी सरकार से जल्द राहत देने की अपील करते हुए कहा कि वृद्ध पेंशनर्स को चिकित्सा सुविधाओं के लिए परेशान करना अमानवीय स्थिति पैदा कर रहा है।
प्रदर्शन के दौरान जिले के अलग-अलग ब्लॉकों लालसोट, सिकराय, सिकंदरा, महुआ, दौसा और बांदीकुई से बड़ी संख्या में पेंशनर्स पहुंचे। सभा को नाथूलाल शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, कैलाश सांवरिया, वेद महेश शर्मा, सोनपाल मरमिट, सुरेश त्रिवेदी, विमलेश शर्मा, बाबूलाल शर्मा, चिमनलाल सैनी, सत्यनारायण गुप्ता, आनंदीलाल बैरवा, सीताराम शर्मा, अशोक भगवती, लालू प्रसाद शर्मा, अनंत कुमार शर्मा, नरेंद्र शर्मा, राजेंद्र उपाध्याय और कजोड़ मल गुर्जर सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
शुभेंदु अधिकारी के इस कदम से भड़क गया बांग्लादेश
आखिर खत्म हुआ इंतजार | RPSC ने जारी की SI भर्ती 2021 री-एग्जाम डेट, नए अभ्यर्थियों की एंट्री बंद
नई हवा’ की खबरें नियमित और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें
