भरतपुर जिला सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता में पीएमसी क्लब ने गोल्डन ईगल क्लब को हराकर खिताब जीता। पुरस्कार समारोह में पूर्व सांसद रंजीता कोली सहित कई अतिथि मौजूद रहे।
भरतपुर। जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित जिला सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब आखिरकार पीएमसी क्लब ने अपने नाम कर लिया। रोमांच से भरे फाइनल मुकाबले में पीएमसी क्लब ने गोल्डन ईगल क्लब को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। हार के बावजूद गोल्डन ईगल क्लब उपविजेता रहा, लेकिन मैदान पर दोनों टीमों ने दमदार खेल दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता के समापन पर शुक्रवार को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रंजीता कोली रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री गिरधारी तिवारी ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलााध्यक्ष शिवानी दायमा, लोहागढ़ प्रेस क्लब अध्यक्ष उमेश लवानिया और भाजपा युवा नेता दुष्यंत निर्वाण मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में जिले की 12 टीमों ने हिस्सा लिया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई, वहीं सभी खिलाड़ियों को टिफिन सेट उपहार स्वरूप दिए गए। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले गौरव चाहर को “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया। इसके अलावा ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में भावेश बघेल को “बेस्ट समर कैंप खिलाड़ी” का पुरस्कार मिला।
इस मौके पर 15 दिवसीय नि:शुल्क ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का भी समापन हुआ। शिविर में पंजीकृत 155 खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और टिफिन सेट वितरित किए गए। खिलाड़ियों को पूरे शिविर के दौरान सभी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई थीं।
जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विष्णु लोहिया ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और खिलाड़ियों को सुविधाओं की कमी नहीं आने दी जाएगी।
समारोह में संघ के उपाध्यक्ष राजकुमार जैन, बीनू सिंह, अवदेश खटाना, रूपेंद्र मोहन, पंकज गोयल, प्रेम सिंह, देवेंद्र सिंह कालू, केके शर्मा, अविनाश सोनी, आदित्य चौधरी, रवि शर्मा, प्रियंका शर्मा, अमायरा सोनी और डॉ. वत्सल सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
