राजस्थान एसआई भर्ती 2021 आखिरकार रद्द हो गई। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आरपीएससी ने दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया है। जानिए कौन अभ्यर्थी दे सकेंगे परीक्षा, क्या होंगे नए नियम और कब होगी भर्ती।
अजमेर
राजस्थान की बहुचर्चित सब इंस्पेक्टर भर्ती-2021 आखिरकार पूरी तरह ध्वस्त हो गई। पेपर लीक और धांधली के आरोपों में घिरी इस भर्ती पर अब आधिकारिक मुहर लग चुकी है। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद एसआई/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को निरस्त कर दिया है। अब भर्ती परीक्षा दोबारा होगी और इसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
आरपीएससी अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू के अनुसार, नई परीक्षा में केवल वही 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 2021 में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्र दिए थे। आयोग 16 मई 2026 से आवेदन संशोधन प्रक्रिया शुरू करेगा, जो 30 मई 2026 तक चलेगी।
इस दौरान अभ्यर्थी मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस और पता अपडेट कर सकेंगे। हालांकि आयोग ने साफ कर दिया है कि आयु सीमा, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता जैसी पात्रता की शर्तें वर्ष 2021 के आधार पर ही तय मानी जाएंगी। वर्तमान स्थिति के अनुसार कोई नया लाभ नहीं मिलेगा।
भर्ती प्रक्रिया में इस बार तकनीकी निगरानी और दस्तावेजी सत्यापन को और सख्त किया गया है। वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों ने एसएसओ आईडी बदली है, वे “फेच एप्लीकेशन फॉर्म” विकल्प के जरिए पुराना डेटा नए प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकेंगे।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों को आवेदन में कोई बदलाव नहीं करना है, उन्हें भी एडिट मोड में जाकर “संशोधन की आवश्यकता नहीं” वाली घोषणा स्वीकार करनी होगी और बायोमेट्रिक उपयोग की सहमति देनी होगी। इसके बाद ओटीपी सत्यापन के जरिए आवेदन सबमिट होगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
दरअसल, एसआई भर्ती-2021 का नोटिफिकेशन 3 फरवरी 2021 को जारी हुआ था। 859 पदों के लिए 13 से 15 सितंबर 2021 तक परीक्षा आयोजित हुई थी। लिखित परीक्षा के बाद 20 हजार 359 अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट के लिए चुने गए, जबकि 3 हजार 291 उम्मीदवार इंटरव्यू तक पहुंचे थे। 1 जून 2023 को फाइनल रिजल्ट जारी हुआ था, लेकिन बाद में भर्ती में बड़े स्तर पर धांधली और पेपर लीक के आरोपों ने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया।
मामला अदालत तक पहुंचा और हाल ही में 4 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने भी भर्ती रद्द रखने के फैसले को बरकरार रखा। अब संभावना जताई जा रही है कि नई एसआई भर्ती परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित की जा सकती है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और रिक्रूटमेंट पोर्टल पर अपडेट चेक करते रहें।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
