जाति-निवास प्रमाण पत्र के नाम पर वसूली | 10 हजार की रिश्वत लेते दो सरकारी कर्मचारी ACB के जाल में फंसे

बांसवाड़ा (Banswara) में एसीबी (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कोष कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी मिलन भट्ट और तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक कचरू कटारा को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

बांसवाड़ा 

सरकारी प्रमाण पत्र बनवाने आए एक व्यक्ति को पुलिस केस की धमकी देकर रिश्वत वसूलना दो सरकारी कर्मचारियों को भारी पड़ गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दो कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई करने वाली एजेंसी Rajasthan Anti Corruption Bureau की टीम ने कोष कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी मिलन भट्ट और तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक कचरू कटारा को गिरफ्तार किया है।

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादी ने अपने ई-मित्र के माध्यम से एक आवेदक के जाति और मूल निवास प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन में पटवारी के फर्जी हस्ताक्षर होने का हवाला देकर वरिष्ठ सहायक कचरू कटारा ने परिवादी को डराया और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी देकर रिश्वत की मांग की।

इसके बाद ऋषिकेश मीना के नेतृत्व में एसीबी टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत परिवादी ने 10 हजार रुपये आरोपी को दिए। इस दौरान कचरू कटारा ने रकम लेकर अपने परिचित सहायक प्रशासनिक अधिकारी मिलन भट्ट को थमा दी।

जैसे ही मिलन भट्ट ने रिश्वत की राशि अपने पास रखी, एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

एसीबी को शिकायत मिलने के बाद 26 और 27 फरवरी को मामले का सत्यापन कराया गया था, जिसमें 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में बांसवाड़ा इकाई ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

फिलहाल एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके आवासों पर तलाशी की कार्रवाई भी जारी है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

रेट्रोस्पेक्टिव प्रमोशन पर ‘नो वर्क नो पे’ नहीं चलेगा | हाईकोर्ट बोला—अफसरों की गलती का खामियाजा कर्मचारी क्यों भुगते?

खून की कमी चुपचाप वार करती है | आयरन की गोली बेअसर क्यों? आदतें बदलें, हीमोग्लोबिन खुद बढ़ेगा

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।