उदयपुर के किडजी मदर मैरी इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत शिविर लगाया गया। 200 बच्चों को संतुलित आहार, फल-सब्जियों और पैकेट फूड से बचाव की जानकारी दी गई।
उदयपुर। छोटी उम्र में बच्चों की खाने-पीने की आदतें ही आगे चलकर उनकी सेहत की नींव बनती हैं। इसी सोच के साथ महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के संघटक सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय के आहार विज्ञान एवं पोषण विभाग ने राष्ट्रीय पोषण माह के तहत किडजी मदर मैरी इंटरनेशनल स्कूल, हर्षनगर, रामपुरा में शिविर आयोजित किया। इसमें करीब 200 प्री-स्कूल छात्र-छात्राओं को संतुलित आहार और स्वस्थ खान-पान की आदतों के बारे में आसान और रोचक तरीके से जानकारी दी गई।
शिविर में बच्चों को बताया गया कि उनके भोजन में अलग-अलग खाद्य समूहों का संतुलित समावेश क्यों जरूरी है। फल और सब्जियों के महत्व, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता तथा बच्चों की पोषण संबंधी जरूरतों पर भी जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को पैकेट और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड से बचने के लिए जागरूक किया गया।
नाटक से समझाया, स्वस्थ भोजन क्यों जरूरी
बच्चों तक पोषण का संदेश आसानी से पहुंचाने के लिए शिविर में विभिन्न गतिविधियों और इंटरएक्टिव सेशन आयोजित किए गए। आहार विज्ञान एवं पोषण विभाग के स्नातक विद्यार्थियों ने नाटक की प्रस्तुति देकर पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को मनोरंजक तरीके से बच्चों के सामने रखा।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में छोटी उम्र से ही स्वस्थ खान-पान की आदतें विकसित करना और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। गतिविधियों के दौरान बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया और शिक्षकों ने कार्यक्रम में सहयोग किया।
कार्यक्रम में आहार विशेषज्ञ डॉ. प्रज्ञा सिंह और विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपा दीक्षित मौजूद रहीं। इनके अलावा आहार विज्ञान एवं पोषण विभाग के स्नातक विद्यार्थी तथा स्कूल के करीब 200 प्री-स्कूल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आहार विशेषज्ञ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बच्चों और उपस्थित लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। शिविर के दौरान बच्चों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
