मथुरा-वृंदावन की पटरी पर 18 नवंबर से फिर दौड़ेगी रेल बस, किराया हुआ दोगुना

ईशा मित्तल | मथुरा 

मथुरा और वृंदावन के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। कई वर्षों से बंद रेल बस सेवा फिर से शुरू होने जा रही है। यह रेल बस सेवा 18 नवंबर से शुरू होगी। इससे मथुरा-वृंदावन आने-जाने वालों को काफी फायदा होगा। लेकिन इसका किराया इस बार दो गुना कर दिया गया है।

रेल मंत्रालय की ओर से आयोजित बैठक में रेल बस सेवा चालू करने पर मुहर लगी। इस बार रेल बस का किराया 30 रुपए तय  किया गया है। पिछली बार 15 रुपए किराया था। रेल बस हर रोज सुबह 8:55 बजे मथुरा जंक्शन से वृंदावन के लिए चलेगी और 9:30 बजे वृंदावन पहुंचेगी। इस दौरान रेल बस श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भी रुकेगी। वृंदावन के लिए दूसरा चक्कर शाम 3:20 बजे मथुरा जंक्शन से शुरू होगा। यह 3:55 बजे वृंदावन पहुंचेगी।

आपको बता दें कि मथुरा से वृंदावन और वृंदावन से मथुरा आने वाले यात्रियों को रेल बस ना चलने के कारण खासी परेशानी उठानी पड़ती थी। डीआरएम के पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने बताया कि 18 नवंबर से रेल बस शुरू होगी। फिलहाल पुरानी रेल बस को ही चालू किया गया है जिसका किराया 30 रुपए होगा।

किराए को लेकर असंतोष  
स्थानीय लोगों ने मथुरा और वृंदावन के बीच रेल बस सेवा को फिर से शुरू करने के सरकार के इस कदम को अच्छी पहल बताया है। लेकिन उनमें किराए में बढ़ोतरी को लेकर असंतोष बना हुआ है। लोगों ने कहा कि टेंपो का मथुरा से वृंदावन का किराया 20 रुपए  है। जबकि रेल बस का किराया 30 रुपए कर दिया गया है। ऐसे में  लोग 30 रुपए  में वृंदावन रेल बस से क्यों जाएंगे। किराया बढ़ने से वृंदावन जाने वाले यात्रियों की संख्या कम हो सकती है।

क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?