प्रयागराज में परिवार के चार लोगों का धारदार हथियार से कत्ल, सभी की मौत

प्रयागराज

उत्तरप्रदेश के प्रयागराज से दर्दनाक वारदात की खबर आ रही है। बदमाशों ने एक ही परिवार के चार लोगों को किसी धारदार हथियार से काट डाला। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

वारदात बुधवार  देर रात की है। इसका पता गुरूवार सुबह तब लगा जब पड़ोसी किसी काम से उनके घर गए। खून से लथपथ 4 लोगों की लाशें पड़ी थीं। घटना फाफामऊ थाना क्षेत्र के मोहनगंज फुलवरिया गोहरी गांव की है।

फाफामऊ पुलिस का कहना है कि मोहनगंज फुलवरिया गोहरी गांव निवासी फूलचंद (50) मजदूर थे। बुधवार रात वह अपने घर में पत्नी मीनू देवी (45), बेटी सपना (17) और 10 साल के बेटे शिव के साथ सो रहे थे। दौरान घर में कुछ बदमाश घुस गए और चारों पर एक साथ धारदार हथियार से हमला बोल दिया। चारों की मौत हो गई।  पुलिस शवों का पंचनामा भर रही है। साथ ही हत्यारों की तलाश की जा रही है।

चार लोगों के कत्ल की खबर मिली तो पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मौके पर फोरेंसिंक टीम को भी बुलाकर छानबीन शुरू कर दी गई। उल्लेखनीय है कि सोरांव और फाफामऊ इलाके में पिछले बरसों में कई सामूहिक कत्ल हो चुके हैं। सोरांव के युसूफपुर में परिवार के पांच लोगों की बेरहमी से हत्या की वारदात का पिछले दिनों पुलिस ने एक गिरोह को गिरफ्तार कर खुलासा किया था। मगर उस गिरोह के पकड़े जाने के चंद दिनों के भीतर इस वारदात ने पुलिस को भी सन्न कर दिया। अभी पुलिस का कहना है कि गांव की रंजिश के पहलू पर छानबीन की जा रही है। परिवार के लोगों से भी ऐसे संकेत मिले हैं कि पुरानी रंजिश की वजह से यह कत्ल किया गया हो सकता है।

क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?