सीकर में ACB ने कारखाना एवं बॉयलर्स विभाग के इंस्पेक्टर मोहित शर्मा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। फैक्ट्री की पॉजिटिव रिपोर्ट के बदले रिश्वत मांगी गई थी।
सीकर: फैक्ट्री के निरीक्षण की सही और पॉजिटिव रिपोर्ट तैयार करने की एवज में रिश्वत मांगना कारखाना एवं बॉयलर्स विभाग के एक इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) जयपुर की टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर मोहित शर्मा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ शिकायत चूरू के एक व्यवसायी ने करीब एक सप्ताह पहले दी थी। शिकायत में आरोप था कि फैक्ट्री के निरीक्षण के बाद सकारात्मक रिपोर्ट देने के नाम पर मोहित शर्मा ने 30 हजार रुपए मांगे थे। बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 20 हजार रुपए में तय हुई।
शिकायत से ट्रैप तक ऐसे पहुंची ACB
शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले उसका सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय रकम लेकर पहुंचे शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते ही इंस्पेक्टर मोहित शर्मा को पकड़ लिया गया। यह कार्रवाई ACB डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में और एडिशनल एसपी ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में की गई।
खाटूश्यामजी के घर से लेकर सीकर के किराए के मकान तक तलाशी
ट्रैप कार्रवाई के बाद ACB ने आरोपी के दो ठिकानों पर तलाशी शुरू कर दी। इनमें खाटूश्यामजी स्थित उसका पैतृक मकान और सीकर में किराए पर लिया गया मकान शामिल है। एडिशनल एसपी ज्ञान प्रकाश नवल के अनुसार, मोहित शर्मा मूल रूप से खाटूश्यामजी का रहने वाला है। उसने सीकर में रीको के पास शांति नगर कॉलोनी की गली में मकान नंबर 2-ए में अलग पोर्शन किराए पर ले रखा था। इसी मकान के एक कमरे को उसने कार्यालय के तौर पर इस्तेमाल कर रखा था, जबकि दो कमरों में खुद रहता था।
सीकर के साथ चूरू और झुंझुनूं भी इसी क्षेत्र में
कारखाना एवं बॉयलर्स विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के तहत सीकर के अलावा चूरू और झुंझुनूं जिले भी आते हैं। आरोपी इंस्पेक्टर दो साल से अधिक समय से इस क्षेत्र में तैनात था। ट्रैप के बाद ACB टीम आरोपी को पुलिस थाना उद्योग नगर लेकर गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। ACB के अनुसार मामले में FIR दर्ज करने और अन्य कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
