राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन ने एक सप्ताह में चौथी तबादला सूची जारी की है। 16 न्यायिक अधिकारियों के तबादले हुए, कई जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्पेशल कोर्ट के पदों पर नई नियुक्तियां की गईं।
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन ने न्यायिक अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला जारी रखते हुए एक सप्ताह के भीतर चौथी तबादला सूची जारी कर दी है। बुधवार देर शाम जारी आदेश में जिला एवं सत्र न्यायाधीश स्तर के अधिकारियों समेत कुल 16 न्यायिक अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। तबादलों के साथ कई महत्वपूर्ण अदालतों और लंबे समय से रिक्त चल रहे प्रिंसिपल डीजे के पदों पर भी नई नियुक्तियां की गई हैं।
राजस्थान हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को प्रशासनिक जरूरत और पदस्थापन के हिसाब से नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस सूची में जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, कोटा, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर सहित कई न्यायिक इकाइयों में बदलाव हुआ है।
बड़े जिलों में बदले जिला एवं सत्र न्यायाधीश
तबादला सूची में कई प्रमुख जिला एवं सत्र न्यायालयों के मुखिया बदले गए हैं। सत्यनारायण व्यास को कोटा से स्थानांतरित कर जोधपुर महानगर का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं दिनेश त्यागी को जोधपुर महानगर से जयपुर महानगर प्रथम का प्रिंसिपल डीजे बनाया गया है।
माधवी दिनकर को जयपुर जिला से झुंझुनूं जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर भेजा गया है। तारा अग्रवाल मेड़ता से अब जयपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभालेंगी।
इसी तरह अनु अग्रवाल का बीकानेर की स्पेशल पॉक्सो कोर्ट संख्या-1 से तबादला कर उन्हें सवाई माधोपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
भरतपुर में भी बदला जिला एवं सत्र न्यायाधीश
तबादला सूची में भरतपुर का पद भी महत्वपूर्ण रहा। जयपुर महानगर की स्पेशल कोर्ट संख्या-5 में कार्यरत मशरूर आलम खान को स्थानांतरित कर भरतपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं हेमराज गौड़ को डीग से स्थानांतरित कर कोटा जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
जयपुर में इन अदालतों की बदली कमान
ब्रजेन्द्रकुमार जैन का जयपुर महानगर प्रथम से जयपुर महानगर द्वितीय में तबादला किया गया है। वहीं सचिन गुप्ता को जयपुर में NIA Act मामलों की स्पेशल कोर्ट का जज नियुक्त किया गया है। सचिन गुप्ता इससे पहले भरतपुर की स्पेशल POCSO कोर्ट संख्या-1 में कार्यरत थे। राजस्थान स्टेट जुडिशियल एकेडमी, जोधपुर में अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) के पद पर कार्यरत डीजे चेतना को जयपुर महानगर प्रथम की स्पेशल CBI कोर्ट नंबर-5 में नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी पहले मशरूर आलम खान के पास थी। वहीं भीलवाड़ा की स्पेशल POCSO कोर्ट संख्या-2 में कार्यरत प्रहलाद राय शर्मा को जयपुर महानगर द्वितीय की बम ब्लास्ट मामलों की स्पेशल कोर्ट का जज बनाया गया है।
कोटा और झालावाड़ में भी बदली जिम्मेदारी
धर्म राज मीणा का कोटा की महिला उत्पीड़न विशेष कोर्ट संख्या-2 से तबादला कर उन्हें एडीजे भवानीमंडी, झालावाड़ नियुक्त किया गया है। उनकी जगह राजीव दत्तात्रेय को भवानीमंडी से स्थानांतरित कर फिर से कोटा की महिला उत्पीड़न विशेष कोर्ट संख्या-2 में एडीजे नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में अरुण प्रकाश आर्या का बागीदौरा, बांसवाड़ा से तबादला कर उन्हें रामगढ़, अलवर में सीनियर सिविल जज-व-अतिरिक्त मुख्य न्यायिक अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट में OSD की जिम्मेदारी भी बदली
राजस्थान हाईकोर्ट में OSD के रूप में कार्यरत आशुतोष कुमावत की सेवाएं एडीजे जोधपुर जिला में स्थानांतरित की गई हैं। वहीं फागी में एडीजे के पद पर कार्यरत कीर्ति सिंघमार को राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच में OSD नियुक्त किया गया है।
इस तरह नई सूची में जिला एवं सत्र न्यायाधीश से लेकर स्पेशल कोर्ट और हाईकोर्ट के OSD स्तर तक कई पदों पर बदलाव किया गया है। खास बात यह है कि यह आदेश एक सप्ताह के भीतर जारी हुई न्यायिक अधिकारियों की चौथी तबादला सूची है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
