भरतपुर के रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय में नशामुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। छात्राओं को मोबाइल के दुरुपयोग, नशे के दुष्प्रभाव और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
भरतपुर। मोबाइल आज जरूरत बन चुका है, लेकिन उसका जरूरत से ज्यादा और गलत इस्तेमाल पढ़ाई, समय और मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है। इसी संदेश के साथ रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय में छात्राओं के लिए नशामुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नशामुक्ति प्रकोष्ठ की ओर से ब्रह्माकुमारीज के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को नशे और अन्य दुर्व्यसनों से दूर रहने के साथ मोबाइल का संतुलित इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत परमात्मा के ध्यान और ईश्वरीय स्मृति पर आधारित गीत से हुई। इसके बाद वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका प्रवीण्य बहिन ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान की ओर से निःशुल्क मेडिटेशन कोर्स कराया जाता है, जिसका लाभ सभी आयु वर्ग और विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमि के लोग बिना किसी भेदभाव के ले सकते हैं।
मोबाइल के इस्तेमाल पर भी छात्राओं को किया जागरूक
प्रवीण्य बहिन ने छात्राओं से मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल का आवश्यकता से अधिक और अनुचित इस्तेमाल मानसिक स्वास्थ्य, समय और पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने छात्राओं को मोबाइल के संतुलित उपयोग के साथ आध्यात्मिकता, ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नशे और अन्य दुर्व्यसनों से दूर रहने का संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उर्मिला मीणा ने नशे से होने वाले व्यक्तिगत, सामाजिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों पर छात्राओं को जागरूक किया। अकादमिक प्रभारी डॉ. निशा गोयल ने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास और जागरूकता के लिए महाविद्यालय में इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।
छात्राओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम का संचालन नशामुक्ति प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. जयराम ने किया। कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी पावन बहिन ने छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। छात्राओं ने नशे और अन्य दुर्व्यसनों से दूर रहने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी रजनी बहिन और गौरव भाई का भी सक्रिय सहयोग रहा।
इस अवसर पर डॉ. रेखा देवी शर्मा, डॉ. कविता आचार्य, डॉ. लक्ष्मी गुप्ता, डॉ. सरोज, डॉ. दीप्ति अग्रवाल, जगदीश, दीवान सिंह, सुश्री अंशुलता बंसल, सुश्री अंजू, सुश्री करिश्मा, विकाश, श्रीमती शिवानी सिंघल सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
