शादी के महज 4 महीने बाद देवर-भाभी के कथित अफेयर ने बड़े भाई की हत्या की साजिश का रूप ले लिया। आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने के बाद कथित तौर पर रची गई खौफनाक योजना, पुलिस जांच और आरोपियों के कबूलनामे से जुड़े पूरे मामले की पूरी कहानी पढ़ें।
आगरा। महज चार महीने पहले जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंजी थीं, उसी घर में अब खून से सनी ऐसी साजिश सामने आई है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया। बड़े भाई की नई-नई शादी हुई थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसी घर की दीवारों के भीतर ऐसा रिश्ता पनप रहा है, जो आखिरकार हत्या तक पहुंच जाएगा।
SBI में 1500 प्रोबेशनरी ऑफिसर पदों पर भर्ती: 8 जुलाई तक करें आवेदन, 21.97 लाख तक मिलेगा सालाना पैकेज
पुलिस जांच में सामने आया कि अमित की शादी 19 फरवरी को खुशी के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद खुशी और अमित के छोटे भाई भोलू के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। मामला तब बिगड़ गया, जब 14 जून को अमित ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद घर में विवाद हुआ, लेकिन यहीं से एक ऐसी साजिश ने जन्म लिया, जिसका अंत अमित की मौत पर हुआ।
पूछताछ में भोलू ने पुलिस को बताया कि दोनों साथ रहना चाहते थे, लेकिन अमित उनके रास्ते की सबसे बड़ी रुकावट था। आरोप है कि खुशी ने कहा था कि जब तक अमित जिंदा रहेगा, तब तक दोनों एक नहीं हो पाएंगे। इसके बाद दोनों ने मिलकर अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
17 जून की सुबह अमित घर से शौच जाने की बात कहकर निकला। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे भोलू ने पीछे से सीमेंट के पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अमित जमीन पर गिर पड़ा तो उसके चेहरे पर भी कई बार हमला किया गया। इतना ही नहीं, उसके जिंदा बचने की आशंका खत्म करने के लिए गमछे से गला भी घोंट दिया गया।
करीब एक घंटे बाद घर से कुछ ही दूरी पर खेत की झाड़ियों में अमित का खून से लथपथ शव मिला। पोस्टमॉर्टम में सिर की चार हड्डियां चकनाचूर होने और गले की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई।
हत्या के बाद भोलू ने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की। उसने ढाबे पर काम करने वाले एक युवक पर हत्या का शक जताया, लेकिन पुलिस ने घर से लेकर ढाबे तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक फुटेज में भोलू अमित के पीछे जाता दिखाई दिया, जबकि दूसरी फुटेज में वह घटना के बाद घबराहट में लौटता नजर आया। यहीं से पुलिस का शक गहरा गया।
अंतिम संस्कार के बाद जब पुलिस ने भोलू से सख्ती से पूछताछ की तो पूरा राज खुल गया। इसी दौरान भाभी खुशी ने भी कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन घरवालों ने उसे बचा लिया। बाद में पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां हत्या की साजिश में उसकी भूमिका सामने आने का दावा किया गया।
पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर भोलू को हत्या और खुशी को हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि हत्या की पूरी वारदात पूर्व नियोजित थी और दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
