राजस्थान के चूरू जिले में सादुलपुर-तारानगर मार्ग पर ट्रोले और कार की भिड़ंत में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सोमसीसर गांव के एक परिवार के 5 सदस्य शामिल हैं। हादसे में 7 माह की बच्ची गंभीर घायल हुई।
चूरू। राजस्थान के चूरू जिले में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सादुलपुर-तारानगर मार्ग पर ददरेवा-न्यांगली गांव के पास ट्रोले और कार की भिड़ंत में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तारानगर तहसील के सोमसीसर गांव के एक ही परिवार के 5 सदस्य और कार चालक शामिल हैं। हादसे में 6 माह के एक बच्चे की भी जान चली गई, जबकि 7 माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद चूरू रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमसीसर गांव का परिवार कार से गुड़गांव देवी के भोग लगाने जा रहा था। कार में परिवार के सदस्य, दो बहुएं और छोटे बच्चे भी सवार थे। सुबह करीब 8:30 बजे ददरेवा गांव के पास कार की ट्रोले से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मौके पर मची चीख-पुकार, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों के शव उप जिला अस्पताल पहुंचाए गए, जहां पहचान की प्रक्रिया के बाद उन्हें परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जानी है।
एक मासूम की मौत, दूसरी बच्ची गंभीर घायल
इस दुर्घटना में छह माह के बच्चे की मौत ने हादसे की त्रासदी को और गहरा कर दिया। वहीं, सात माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे पहले अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए चूरू रेफर कर दिया गया। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की खबर से सोमसीसर गांव में मातम पसरा है। जिस परिवार के सदस्य धार्मिक कार्य के लिए घर से निकले थे, उस परिवार पर हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
घर की इन 5 आम चीजों में छिपा है ‘धीमा जहर’, कहीं आपके परिवार की सेहत पर तो नहीं मंडरा रहा खतरा?
