भरतपुर के रुदावल में खेरिया मोड़ चौराहे पर पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष के बेटे यशपाल सिंह गुर्जर पर दो राउंड फायरिंग हुई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
रुदावल (भरतपुर)। रुदावल थाना क्षेत्र के खेरिया मोड़ चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक युवक पर हुई फायरिंग ने पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर चल रहे तनाव को सामने ला दिया। ऑफिस के बाहर बैठे यशपाल सिंह गुर्जर पर बाइक सवार युवक ने दो राउंड गोलियां चलाईं। यशपाल ने नीचे झुककर खुद को बचा लिया। एक गोली ऑफिस का शीशा तोड़कर अंदर लगे मीटर में जा धंसी, जबकि दूसरी टीनशेड से टकराई। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग निकला।
यशपाल सिंह गुर्जर, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष निरंजन सिंह सूपा का बेटा है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में उसने गांव हरनगर निवासी गौरव उर्फ तोती उर्फ गिल्लू गुर्जर पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। यशपाल के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह खेरिया मोड़ स्थित अपने ऑफिस के सामने बैठा था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे गौरव ने रुकते ही कट्टा निकाला और उस पर निशाना साधकर गोली चला दी।
गोली चलते ही यशपाल नीचे झुक गया, जिससे वह उसकी चपेट में आने से बच गया। फायरिंग के समय बेदपुरा निवासी भान सिंह और सूपा निवासी लब्बी उर्फ लवकुश भी वहां मौजूद थे। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ने घटना को देखा। गोलीबारी के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया।
सरपंच चुनाव से जुड़ी बताई जा रही रंजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में फायरिंग के पीछे पंचायत आम चुनाव-2026 की आपसी रंजिश की आशंका जताई गई है। यशपाल सिंह गुर्जर की पत्नी पाली डांग ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ रही हैं। इस पंचायत क्षेत्र में यशपाल का पैतृक गांव सूपा और आरोपी गौरव का गांव हरनगर भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, चुनाव प्रचार और सियासी वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था।
मौके पर पहुंची पुलिस, चार टीमें तलाश में
घटना की सूचना मिलने पर एडीशनल एसपी रामगोपाल बसवाल, सीओ रोहित श्रीवास्तव और रुदावल एसएचओ नरेश शर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल और एमआईयू की टीमों ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने खाली कारतूस सहित अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
रुदावल थाना पुलिस ने आरोपी गौरव के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उसकी तलाश के लिए चार पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
घर की इन 5 आम चीजों में छिपा है ‘धीमा जहर’, कहीं आपके परिवार की सेहत पर तो नहीं मंडरा रहा खतरा?
