बांदीकुई में ACB ने रेलवे के सेक्शन ऑफिसर, डिस्कॉम के AEN और लाइनमैन को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप किया। मीटर बदलने के लिए 10 हजार मांगे गए थे।
दौसा/बांदीकुई। बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर सोलर प्लांट लगाने के बाद नेट मीटरिंग की फाइल आगे बढ़वाना और मीटर चेंजिंग का ऑर्डर जारी करवाना परिवादी के लिए मुश्किल पड़ गया। आरोप है कि फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई। शिकायत ACB तक पहुंची तो पूरा खेल खुल गया। ब्यूरो ने जाल बिछाया और 5 हजार रुपए लेते रेलवे के सेक्शन ऑफिसर, बांदीकुई डिस्कॉम के AEN और लाइनमैन को ट्रैप कर लिया।
ACB की कार्रवाई में रेलवे के सेक्शन ऑफिसर धर्मराज गुर्जर, बांदीकुई डिस्कॉम के AEN छोटेलाल सैनी और लाइनमैन धर्मेन्द्र सैनी पकड़े गए हैं। अब ब्यूरो यह खंगाल रहा है कि सोलर प्लांट की नेट मीटरिंग से जुड़ी फाइल में तीनों की क्या भूमिका थी और 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग किस स्तर पर तय हुई थी।
सोलर प्लांट की फाइल से शुरू हुआ पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा मामला बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर लगाए जा रहे सोलर प्लांट से जुड़ा है। परिवादी की फर्म की ओर से रेलवे स्टेशन पर सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा था। प्लांट के संबंध में नेट मीटरिंग की फाइल विभाग में प्रस्तुत की गई थी। आरोप है कि इसी फाइल को आगे बढ़ाने और मीटर चेंजिंग का ऑर्डर जारी करने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। परेशान होकर परिवादी ने ACB में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद ब्यूरो की तकनीकी और गोपनीय टीम ने सत्यापन किया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की कार्रवाई तय की गई।
5 हजार लेते ही दबोचे गए
योजना के मुताबिक परिवादी को रिश्वत की रकम लेकर आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही 5 हजार रुपए स्वीकार किए गए, ACB टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया।
अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि मांगी गई 10 हजार रुपए की पूरी रकम में किसकी कितनी भूमिका थी, बाकी 5 हजार रुपए कब और किसके जरिए लिए जाने थे तथा फाइल को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। बांदीकुई में कार्रवाई ACB के ASP ज्ञानसिंह चौधरी ने की, जबकि पूरी कार्रवाई DIG डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में हुई। ट्रैप के बाद ACB ने तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
