बांसवाड़ा में ACB ने पट्टा फाइल आगे बढ़ाने के बदले 5 हजार रुपए रिश्वत लेते वनरक्षक भूपेश पाटीदार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पहले 6 हजार रुपए मांगे गए थे।
बांसवाड़ा। वन भूमि के पट्टे की फाइल आगे बढ़ाने के लिए पहले 6 हजार रुपए मांगे, फिर परिवादी के कहने पर 5 हजार रुपए में सौदा तय किया। रकम लेते ही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने वनरक्षक को रंगे हाथ दबोच लिया। मामला बांसवाड़ा के वन नाका तलवाड़ा, वन रेंज गढ़ी का है, जहां तैनात वनरक्षक भूपेश पाटीदार को गुरुवार को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।
मामला वन विभाग से जुड़ी एक पट्टा पत्रावली को आगे बढ़ाने का था। ACB के अनुसार परिवादी वन विभाग के क्षेत्र से बाहर की वन भूमि पर लंबे समय से कब्जे में रहकर कृषि कार्य कर रहा था। इस जमीन के संबंध में वन विभाग की ओर से पट्टे के लिए सत्यापन की प्रक्रिया चल रही थी। सत्यापन के बाद संबंधित पत्रावली तैयार कर आगे भेजी जानी थी।
आरोप है कि इसी पत्रावली को आगे बढ़ाने और उसे उपलब्ध कराने के बदले वनरक्षक भूपेश पाटीदार ने परिवादी से रिश्वत की मांग की।
पहले 6 हजार मांगे, बातचीत के बाद 5 हजार पर राजी हुआ
शिकायत मिलने के बाद ACB की बांसवाड़ा इकाई ने रिश्वत मांगने की बात का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान वनरक्षक ने पट्टा फाइल देने के बदले 6 हजार रुपए मांगे। परिवादी ने रकम को लेकर बातचीत की तो आरोपी 5 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की तैयारी की। गुरुवार को तय योजना के तहत ACB की टीम ने कार्रवाई की और भूपेश पाटीदार को परिवादी से 5 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
DIG के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। बांसवाड़ा ACB इकाई के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के पर्यवेक्षण में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके निवास की तलाशी भी जारी है। ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
