जयपुर के सांगानेर सदर थाने में ACB ने ASI महेश चन्द मीणा को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। पिकअप छोड़ने और सह-परिवादी को आरोपी नहीं बनाने के बदले रिश्वत मांगी गई थी।
जयपुर। एक प्रकरण में पिकअप वाहन छुड़ाने और सह-परिवादी को आरोपी बनने से रोकने के लिए पहले 20-20 हजार रुपए की मांग हुई। बातचीत आगे बढ़ी तो मामला 10 हजार रुपए पर आकर टिक गया। गुरुवार को रकम लेने के लिए परिवादी पहुंचा तो सांगानेर सदर थाने का ASI महेश चन्द मीणा भी बेफिक्र था। उसने 10 हजार रुपए लिए और अपनी जींस की जेब में रख लिए। बस, इसी के साथ ACB ने ट्रैप कर दिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सांगानेर सदर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक महेश चन्द मीणा को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी संबंधित मामले में अनुसंधान अधिकारी था।
पिकअप छोड़ने से लेकर केस में नाम नहीं जोड़ने तक की कीमत
मामला परिवादी के मामा की ओर से सांगानेर सदर थाने में दर्ज कराए गए एक प्रकरण से जुड़ा है। ACB को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया कि महेश चन्द मीणा ने परिवादी के मामा के नाम दर्ज पिकअप वाहन को छोड़ने और सह-परिवादी को प्रकरण में मुल्जिम नहीं बनाने के बदले रिश्वत मांगी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने दोनों कामों के लिए 20-20 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB चौकी जयपुर नगर तृतीय ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी ने प्रकरण में राजीनामे से जुड़े दस्तावेज मांगने, पिकअप छोड़ने और प्रकरण का निस्तारण करने के बदले 10 हजार रुपए लेने पर सहमति जताई। रिश्वत मांगने की पुष्टि होते ही ACB ने ट्रैप की तैयारी शुरू कर दी।
दस्तावेज लिए, पूछताछ की और फिर जेब में रख लिए 10 हजार
गुरुवार को योजना के तहत परिवादी और सह-परिवादी आरोपी ASI के पास पहुंचे। महेश चन्द मीणा ने पहले प्रकरण में राजीनामे से संबंधित दस्तावेज लिए। इसके बाद सह-परिवादी से पूछताछ की। इसके बाद उसने परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत राशि ली और अपनी पहनी हुई जींस की जेब में रख ली। इसी दौरान पहले से तैयार ACB टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर रिश्वत की पूरी रकम उसकी पहनी हुई पैंट की जेब से बरामद कर ली गई।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
