आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में भरतपुर निवासी सुरेंद्र शर्मा का कंकाल डेढ़ महीने बाद घर के बाथरूम से मिला। पत्नी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद भी शव घर में दबा होने का मामला सामने आया।
आगरा/भरतपुर। उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या के बाद उनका शव कथित तौर पर घर के बाथरूम में दफना दिया गया। इतना ही नहीं, शव के ऊपर पक्का फर्श भी बना दिया गया, ताकि किसी को भनक तक न लगे। हैरानी की बात यह है कि इसके बाद पत्नी ने पति की गुमशुदगी भी दर्ज करवाई, पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखे और लोगों के सामने पति की तलाश में आंसू भी बहाती रही। करीब डेढ़ महीने बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से भरतपुर के रंजीत नगर निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित दहतोरा की रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियों के साथ रहते थे।
शराब को लेकर होता था रोज झगड़ा
सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा के मुताबिक, सुरेंद्र कोई काम नहीं करते थे और शराब पीने के आदी थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।
18 मई को रूबी ने अनिल शर्मा को फोन कर कहा कि उनके घर पुलिस दबिश देने वाली है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को वहां से ले जाएं। अनिल मौके पर पहुंचे और मां कमला तथा दोनों बच्चियों को अपने घर वायु विहार ले आए। अगले दिन रूबी भी वहां पहुंची और बताया कि सुरेंद्र चार-पांच दिन के लिए कहीं गए हैं।
गुमशुदगी दर्ज कराई, पुलिस के साथ तलाश भी करती रही
जब कई दिन बाद भी सुरेंद्र वापस नहीं लौटे तो 26 मई को अनिल शर्मा, रूबी को साथ लेकर प्राची टावर चौकी पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई।
इसके बाद पुलिस ने रूबी को साथ लेकर कई जगह सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान रूबी परिवार के साथ सामान्य तरीके से रहती रही और लोगों के सामने पति के लापता होने का दुख भी जताती रही।
एक फोन कॉल… और खुल गया डेढ़ महीने का राज
कुछ दिन पहले अनिल शर्मा अपनी मां को लेकर भरतपुर चले गए थे। इस बीच उन्हें बैंक खाते के लेनदेन को लेकर भी कुछ संदेह हुआ, क्योंकि मां की पेंशन का अधिकांश पैसा रूबी खर्च कर रही थी।
शुक्रवार को रूबी ने अचानक अनिल शर्मा को फोन कर घर बुलाया। जब उन्होंने सुरेंद्र के बारे में पूछा तो रूबी ने कथित तौर पर कहा कि “उन्हें बाथरूम में नीचे गाड़ दिया है।”
यह सुनते ही अनिल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बाथरूम का फर्श टूटा तो मिला कंकाल
पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का पक्का फर्श तुड़वाकर खुदाई कराई। खुदाई के दौरान वहां से मानव कंकाल बरामद हुआ। इसके बाद रूबी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
हालांकि पुलिस के अनुसार, महिला अभी तक हत्या की बात स्वीकार नहीं कर रही है। उसका कहना है कि पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था और उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह घबरा गई और डर के कारण शव को बाथरूम में दबाकर ऊपर से फर्श बनवा दिया।
हत्या या सबूत छिपाने की साजिश? जांच में जुटी पुलिस
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि महिला द्वारा पति का शव बाथरूम में दबाने का मामला सामने आया है। फिलहाल महिला से गहन पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारण और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
