17 लाख लूटने ATM में घुसे दो बदमाश, बाहर से शटर बंद कर महिला मैनेजर ने कर दिया खेल खत्म; गैस कटर लेकर अंदर ही फंस गए

नागौर के मारवाड़ मूंडवा में ATM काटकर लाखों रुपये लूटने पहुंचे दो बदमाशों को महिला बैंक मैनेजर ने सूझबूझ से अंदर ही कैद कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

नागौर: आधी रात में एटीएम काटकर लाखों रुपये उड़ाने पहुंचे दो बदमाशों ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि जिस बूथ में वे चोरी करने घुसे हैं, उसी में कैद हो जाएंगे। मारवाड़ मूंडवा में यूको बैंक की महिला ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी और उनके पति ने सूझबूझ दिखाते हुए बाहर से एटीएम का शटर बंद कर दोनों बदमाशों को अंदर ही लॉक कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस पहुंची और गैस कटर से एटीएम काटने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

वारदात रविवार देर रात करीब 2 बजे नागौर रोड स्थित यूको बैंक के एटीएम बूथ में हुई। उस समय मशीन में 16 लाख 900 रुपये कैश मौजूद था। मूंडवा में ढाबा चलाने वाला भरत प्रजापत और उसका कर्मचारी कोमल कुमार राजपूत, जो बिहार का रहने वाला है, गैस कटर और दूसरे औजार लेकर एटीएम बूथ में घुसे थे।

दोनों ने एटीएम मशीन को काटना शुरू ही किया था कि बैंक के ई-सर्विलांस सिस्टम ने अजमेर स्थित रीजनल सुरक्षा अधिकारी को अलर्ट भेज दिया।

रात 2:04 बजे आया फोन, नीचे पहुंचीं मैनेजर

सुरक्षा अधिकारी ने रात 2:04 बजे बैंक भवन के ऊपर बने क्वार्टर में रह रहीं ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी को फोन किया। उन्हें एटीएम में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी दी गई। फोन मिलते ही सारिका अपने पति के साथ नीचे पहुंचीं। एटीएम बूथ के पास जाकर उन्होंने देखा कि शटर थोड़ा नीचे था और अंदर से औजार चलने की आवाजें आ रही थीं। अंदर हथियारनुमा औजारों के साथ बदमाश मौजूद थे। ऐसे में दोनों ने सीधे अंदर जाने के बजाय सूझबूझ से काम लिया। उन्होंने शटर को पूरी तरह नीचे खींचा और बाहर से ताला लगा दिया। बदमाशों को कुछ समझने का मौका मिलता, उससे पहले ही वे एटीएम बूथ के अंदर बंद हो चुके थे।

पुलिस 8 मिनट में पहुंची, गैस कटर के साथ मिले आरोपी

सारिका चौधरी ने तुरंत मारवाड़ मूंडवा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाधिकारी पूरबाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक टीम करीब 8 मिनट में एटीएम बूथ तक पहुंच गई। पुलिस ने शटर उठाया तो अंदर दोनों आरोपी मौजूद मिले। उनके पास गैस कटर और पेचकस समेत एटीएम काटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे औजार थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और औजार जब्त कर लिए। इस तरह एटीएम में रखी लाखों की नकदी बच गई और चोरी की कोशिश कर रहे दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस के हाथ लग गए।

एक अलर्ट, एक फोन और मैनेजर का फैसला… बच गया लाखों का कैश

पूरी घटना में बैंक के ई-सर्विलांस सिस्टम का अलर्ट अहम कड़ी बना। अलर्ट के बाद सुरक्षा अधिकारी ने समय रहते मैनेजर को सूचना दी और सारिका चौधरी ने खतरा देखकर सीधे बदमाशों का सामना करने के बजाय बाहर से शटर लॉक करने का फैसला लिया।

आधी रात के इस घटनाक्रम में उनकी और उनके पति की सूझबूझ से न केवल करीब 17 लाख रुपये की नकदी सुरक्षित रही, बल्कि दोनों आरोपी भी पुलिस के पहुंचने तक मौके से भाग नहीं सके।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

‘अब अपनी जिंदगी जियो… स्कूल जाओ, हंसो, खेलो, सपने देखो’- रेप पीड़ित बच्ची के लिए जज ने लिखा खास लेटर, हाईकोर्ट ने अब पहुंचाने का दिया आदेश

राजस्थान में भजनलाल सरकार का बड़ा दांव: Gen Z के लिए पेश होगा अलग ‘Youth Budget’, जानें पढ़ाई से लेकर स्टार्टअप्स तक आपको क्या-क्या मिलेगा

मोबाइल का सस्ता स्क्रीन गार्ड अब नहीं चलेगा? 1 अप्रैल 2027 से लागू होगा नया BIS नियम, जानिए क्या बदलेगा

NPS में पैसा लगाने वालों के लिए बड़ा बदलाव, रिटायरमेंट फंड के साथ अब मिलेगा हेल्थ कवर, 1 अक्टूबर को हो सकता है ऐलान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *