लखनऊ के गोमती नगर में SBI ऑफिसर ने अपनी ICICI बैंक अफसर पत्नी की हत्या कर दी। घर पहुंचकर बहन को गोली मारने के बाद खुद भी जान दे दी।
लखनऊ। दोनों बैंक अफसर थे, जिंदगी सामान्य चल रही थी, लेकिन रिश्ते में आई दरार आखिरकार ऐसे खूनी अंजाम तक पहुंच गई कि एक ही परिवार के तीन लोग मौत के मुंह में चले गए। गोमती नगर में SBI के फील्ड ऑफिसर मानस बाजपेयी ने पहले अपनी पत्नी और ICICI बैंक की असिस्टेंट मैनेजर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन सीबा को गोली मारी और फिर खुद भी जान दे दी।
12 साल पहले शादी हुई थी, लेकिन करीब एक साल से दोनों अलग रह रहे थे। दिव्या ने पति से तलाक के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद वह आलमबाग में रहने लगी थीं, जबकि मानस अपनी बहन के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस अब इस रिश्ते में आई दरार से लेकर वारदात की साजिश तक हर कड़ी को जोड़ रही है।
पहले पत्नी की हत्या, फिर बहन के घर पहुंचा
गुरुवार दोपहर मानस कार से ICICI बैंक पहुंचा। उसने फोन करके पत्नी दिव्या को ऑफिस से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई और इसके बाद मानस ने दिव्या के सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद वह वहां से निकल गया और करीब दो किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घर पहुंचने के दौरान मानस पसीने से बुरी तरह भीगा हुआ था। घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।
बंद कमरे में बहन को मारी गोली, फिर खुद पर किया फायर
कुछ देर बाद कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज आई। पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो मानस और उसकी 28 वर्षीय बहन सीबा खून से लथपथ पड़े थे।
पुलिस के मुताबिक, मानस ने बहन के सिर में गोली मारने के बाद अपनी कनपटी पर भी फायर किया। कमरे में उस वक्त टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी।
पत्नी ने एक साल पहले दायर की थी तलाक की याचिका
मानस और दिव्या की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। परिजनों के मुताबिक, करीब एक साल पहले दिव्या ने मानस से तलाक के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे थे।
दिव्या आलमबाग में रहती थीं, जबकि मानस अपनी बहन सीबा के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रह रहा था। मानस SBI की इंजीनियरिंग कॉलेज ब्रांच में फील्ड ऑफिसर था और दिव्या ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं।
मरने से पहले WhatsApp पर लिखी कहानी
पुलिस की जांच में मानस का WhatsApp स्टेटस भी सामने आया है। इसमें उसने पत्नी की हत्या की बात लिखते हुए आरोप लगाया कि दिव्या ने उसे धोखा दिया। उसने पत्नी की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया।
हालांकि, WhatsApp स्टेटस में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस खूनी वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
दो पिस्टल और एक तमंचे से वारदात
पुलिस के अनुसार, मानस ने वारदात में दो पिस्टल और एक तमंचे का इस्तेमाल किया। उसने पत्नी के सिर में गोली मारी, फिर घर पहुंचकर बहन के सिर में गोली मारी और आखिर में अपनी कनपटी पर फायर कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस तलाक के विवाद, WhatsApp स्टेटस में लगाए गए आरोपों, हथियारों और वारदात से पहले की गतिविधियों को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
Judgment: बेटा-बहू घर में रहेंगे या नहीं, फैसला बुजुर्ग का? सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया अधिकार
निकाय चुनाव से पहले राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक उलटफेर, RAS अफसरों के तबादले, यहां देखें पूरी लिस्ट
