भरतपुर में फ्लाईओवर निर्माण और सड़क बंद होने से व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो गया है। जिला व्यापार महासंघ ने वैकल्पिक मार्ग खोलने और जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भरतपुर: भरतपुर में चल रहे फ्लाईओवर और सड़क निर्माण कार्य अब व्यापारियों की बड़ी चिंता बनते जा रहे हैं। शहर के प्रमुख कारोबारी संगठन भरतपुर जिला व्यापार महासंघ ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि विकास कार्यों के चलते बाजारों तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख रास्ते बंद कर दिए गए हैं। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ा है और कई दुकानदारों के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो व्यापारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बजाज एजेंसी, नुमाइश रोड पर आयोजित महासंघ की बैठक जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता की अध्यक्षता में हुई, जिसमें विशेष रूप से ऑटोमोबाइल सोसायटी के व्यापारियों ने भाग लिया। जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने बताया कि बैठक में शहरभर में चल रहे विकास कार्यों से व्यापारियों को हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
व्यापारियों का कहना है कि कुम्हेर गेट से हीरादास तक मुख्य मार्ग बंद होने के कारण ग्राहक ऑटोमोबाइल बाजार तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं। हालत यह है कि कई दुकानों की कई-कई दिनों तक बोहनी नहीं हो रही। दुकानदारों को कर्मचारियों का वेतन अपनी जेब से देना पड़ रहा है, जबकि छोटे दुकानदारों और मैकेनिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
बैठक में मौजूद कई मिस्त्रियों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि उनकी रोज की कमाई पूरी तरह बंद हो चुकी है, जबकि बच्चों की स्कूल फीस, किताबें, मकान का किराया, बिजली बिल, दवाइयों और राशन जैसे खर्च लगातार बने हुए हैं। उनका कहना था कि यदि यही हाल रहा तो परिवार चलाना मुश्किल हो जाएगा।
भोमियाजी के दर्शन से लौट रही SUV पर काल का कहर, 5 दोस्तों की मौत, एक ही गांव में पसरा मातम
कार्यकारी अध्यक्ष नरेन्द्र गोयल ने कहा कि पहले की तुलना में बाजार में ग्राहकों की संख्या बेहद कम हो गई है। यदि लंबे समय तक यही स्थिति रही तो छोटे व्यापारियों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।
जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा कि कुछ समय पहले व्यापार महासंघ ने फ्लाईओवर निर्माण के कारण प्रभावित व्यापारियों के लिए मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन किया था। प्रशासन ने प्रभावित व्यापारियों को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन भी दिया था, लेकिन आज तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि पहले प्रभावित दुकानदारों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया जाता तो निर्माण कार्य भी तेजी से चलता और व्यापारियों की आजीविका भी प्रभावित नहीं होती।
महासंघ ने यह भी कहा कि समस्या केवल कुम्हेर गेट-हीरादास मार्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे भरतपुर शहर में विकास कार्यों के कारण यही हाल है। बारिश का मौसम शुरू हो चुका है और यदि तेज बारिश हुई तो शहर की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन और ग्राहकों की आवाजाही के लिए सुगम वैकल्पिक मार्ग तत्काल शुरू किए जाएं तथा निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए। महासंघ ने स्पष्ट किया कि वह विकास कार्यों का विरोध नहीं करता, लेकिन विकास के साथ व्यापार और आम नागरिकों की सुविधाओं की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में बिजेन्द्र बबलू, राकेश कपूर, लतेश गोयल, दीनदयाल, विष्णु जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
