जयपुर (Jaipur) के चाकसू में टिगरिया मोड़ पर भीषण सड़क हादसे में महिला सहित 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। खाटू श्यामजी दर्शन के लिए जा रही कार ट्रेलर में घुस गई।
जयपुर
शनिवार की सुबह चाकसू के टिगरिया मोड़ पर खाटू श्यामजी के दर्शन की आस लेकर निकले श्रद्धालुओं की कार अचानक मौत के जबड़े में समा गई। तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रेलर में इतनी भयावह ताकत से घुसी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
सुबह करीब 5:30 बजे कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे-52 पर हुए इस भीषण हादसे में एक महिला सहित पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक जाम लग गया।
दर्शन की राह में काल से सामना
पुलिस के अनुसार सभी लोग मध्यप्रदेश के जबलपुर से खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। सफर लंबा था और सुबह का सन्नाटा पसरा हुआ था। तभी चालक को झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे बजरी से भरे ट्रेलर में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। मौके पर ही चार लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही अंतिम सांस ले ली।
मौके पर बिखरा मलबा, सड़क पर पसरा सन्नाटा
हादसे के बाद ट्रेलर में भरी बजरी सड़क पर फैल गई, जिससे नेशनल हाईवे-52 पर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
चाकसू थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल के अनुसार मृतकों की पहचान
- रेशमा श्रीवास्तव पत्नी अखिलेश श्रीवास्तव
- पीयूष राय पुत्र राजेश राय
- राहुल रजक पुत्र बबलू रजक
- चालक अनुराग
के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सभी मृतक मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी थे।
मोर्चरी में रखवाए शव, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस ने सभी शवों को चाकसू के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। जैसे ही हादसे की सूचना परिजनों तक पहुंची, उनके घरों में मातम पसर गया। जो सफर आस्था से शुरू हुआ था, वह कुछ ही सेकंड में हमेशा के लिए थम गया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
938% की छलांग से बेनकाब! | कनिष्ठ सहायक के घर से निकला 75 लाख कैश, किलोभर सोना और आलीशान संपत्तियां
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
