एंटी करप्शन ब्यूरो ने धौलपुर के डिस्कॉम कार्यालय में कार्रवाई करते हुए अधीक्षण अभियंता और कार्यालय सहायक को ₹1.75 लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
धौलपुर
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को धौलपुर जिला मुख्यालय स्थित डिस्कॉम कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार वर्मा और कार्यालय सहायक नरेंद्र कुमार को ₹1 लाख 75 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। रिश्वत की यह राशि सस्पेंशन बहाली के एवज में मांगी गई थी।
एसीबी के डीएसपी जगदीश भरद्वाज ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि डिस्कॉम के एक कर्मचारी ने एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार वर्मा और कार्यालय सहायक नरेंद्र कुमार द्वारा सस्पेंशन समाप्त कर बहाली करने के बदले ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी ने मामले का गुप्त तरीके से भौतिक सत्यापन कराया। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर दोनों आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ने के लिए पूर्व नियोजित ट्रैप कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई।
डीएसपी भरद्वाज के अनुसार बुधवार को परिवादी को योजना के तहत डिस्कॉम कार्यालय भेजा गया, जहां तय रणनीति के अनुसार रिश्वत की राशि दी गई। जैसे ही आरोपियों ने ₹1.75 लाख की रिश्वत स्वीकार की, एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक मांग ₹2 लाख की थी, लेकिन बाद में सौदा ₹1 लाख 75 हजार में तय हुआ। फिलहाल दोनों आरोपियों से एसीबी द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उन्हें एसीबी न्यायालय, भरतपुर में पेश किया जाएगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
