600 नए विद्यार्थियों के सामने रखी गई बड़ी जिम्मेदारी, कृषि की पढ़ाई सिर्फ डिग्री नहीं, किसानों और देश का भविष्य संवारने का संकल्प भी है

महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय उदयपुर में दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कृषि, मत्स्य विज्ञान और सामुदायिक विज्ञान के 600 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

उदयपुर। विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के साथ ही विद्यार्थियों के जीवन का एक नया अध्याय शुरू होता है, लेकिन कृषि और उससे जुड़े विषयों की पढ़ाई करने वाले युवाओं के सामने जिम्मेदारी कुछ और भी बड़ी है। उन्हें सिर्फ अपना करियर नहीं बनाना, बल्कि किसानों की समस्याओं का समाधान खोजने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और देश की खाद्य सुरक्षा में योगदान देने के लिए भी तैयार होना है। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के राजस्थान कृषि महाविद्यालय में आयोजित दीक्षारम्भ कार्यक्रम में नव-प्रवेशित विद्यार्थियों को यही संदेश दिया गया।

शनिवार (21 नवंबर) को आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि, मत्स्य विज्ञान एवं सामुदायिक विज्ञान संकाय के करीब 600 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराने के साथ उन्हें उच्च शिक्षा के नए सफर के लिए प्रेरित करना था।

‘डिग्री और नौकरी ही शिक्षा का मकसद नहीं, समाज के लिए भी कुछ करना सीखें’

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना या रोजगार पाना नहीं है। शिक्षा से जिम्मेदार, संस्कारवान, आत्मनिर्भर और समाज के काम आने वाले नागरिक तैयार होने चाहिए।

उन्होंने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों का महत्व समझाते हुए ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ की प्रेरक कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की वास्तविक श्रेष्ठता उसके विचारों की पवित्रता, व्यवहार और कर्मों से तय होती है।

गजेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को ‘देश हमें देता है सब कुछ, हम भी कुछ देना सीखें’ गीत सुनाकर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का अहसास कराया। उन्होंने विशेष रूप से कृषि एवं संबद्ध विषयों के विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग किसानों की समस्याओं को समझने, कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में करें।

कुलगुरु ने कहा- खेत और प्रयोगशाला में सीखने से बनेगी असली विशेषज्ञता

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के इस नए पड़ाव को गंभीरता से लेने की सीख दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश उनके जीवन की एक नई यात्रा की शुरुआत है। विद्यार्थी जीवन ही ज्ञान, व्यक्तित्व और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण समय होता है।

उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच को सफलता का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को प्रायोगिक कक्षाओं और प्रयोगात्मक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. प्रताप सिंह ने कहा कि कृषि शिक्षा का वास्तविक महत्व केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। प्रयोगशाला, खेत, अनुसंधान और किसानों के साथ सीधे संवाद से मिलने वाला अनुभव विद्यार्थियों को वास्तविक चुनौतियों के लिए तैयार करता है।

उन्होंने जलवायु परिवर्तन, मृदा स्वास्थ्य, जल प्रबंधन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए आधुनिक कृषि तकनीक, डिजिटल कृषि, स्टार्टअप, उद्यमिता और बहुविषयक अनुसंधान में उपलब्ध संभावनाओं को अपनाने का आह्वान किया।

नए विद्यार्थियों को बताईं महाविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाएं और परंपराएं

राजस्थान कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. लोकेश गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में मुख्य अतिथि, कुलगुरु, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुसंधान परंपरा के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को यहां उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराया।

उन्होंने प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली, पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति और विद्यार्थी कल्याण सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के संयोजक एवं राजस्थान कृषि महाविद्यालय के सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर डॉ. कपिल देव आमेटा ने अतिथियों, विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, संकाय सदस्यों, आयोजन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी परिषद के सदस्य डॉ. आर. एल. सोनी, डॉ. एम. के. माहला, डॉ. एल. एन. महावर, डॉ. सरला लखावत, डॉ. प्रकाश पंवार और डॉ. राजश्री उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के निदेशक, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य तथा कृषि, मत्स्य विज्ञान एवं सामुदायिक विज्ञान संकाय के करीब 600 नव-प्रवेशित विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।

दीक्षारम्भ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की शिक्षा केवल रोजगार पाने का जरिया नहीं, बल्कि किसान कल्याण, खाद्य सुरक्षा, ग्रामीण विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़ा दायित्व भी है। युवाओं को अपने ज्ञान, वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार के जरिए समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

जीजा ने सालों की घुड़चढ़ी में लुटाया ऐसा प्यार, 500-500 के नोटों से बनी 2 करोड़ की मालाएं पहनाईं, नजारा देख गांव रह गया दंग

खाटूश्यामजी से लौट रहे परिवार पर कहर: कोटा हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, 9 की मौत

दो साल का इंतजार खत्म, सिविल जज बनने का बड़ा मौका, 365 पदों पर निकली PCS-J भर्ती; जानें कब से आवेदन

भजनलाल के गृह जिले में भाजपा का सूपड़ा साफ, जिला परिषद में कांग्रेस का 21-9 से क्लीन स्वीप, पंचायत समितियों में निर्दलीयों का कब्जा

पीएफ खाते में अटकी रकम कैसे निकलेगी? EPFO के इस फैसले ने बदला निकासी का गणित | खाताधारकों को बड़ी राहत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *