भरतपुर के लोहागढ़ स्टेडियम में 71वीं राजस्थान राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरू हुई। 13 जिलों के करीब 220 खिलाड़ी 13 इवेंट में भाग ले रहे हैं।
भरतपुर (संजीव चीनिया)। लोहागढ़ स्टेडियम में सोमवार को टेबल टेनिस की राज्य स्तरीय प्रतिस्पर्धा का रोमांच शुरू हो गया। मौका था 71वीं राजस्थान राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह का। पांच दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 जिलों से करीब 220 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
जिला टेबल टेनिस संघ की ओर से राजस्थान टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मृदुल सिंह, आईएएस ने किया। समारोह की अध्यक्षता समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल, के.टी.आर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड स्पोर्ट्स के निदेशक आयुष महाजन, प्रतियोगिता प्रबंधक अनिल दुबे और जिला टेबल टेनिस संघ के संरक्षक दीपराज सिंह मौजूद रहे।
जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सारस्वत ने स्वागत भाषण दिया। आयोजन सचिव बन्नो ए. एंथोनी ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि पांच दिवसीय आयोजन में कुल 13 इवेंट होंगे। इनमें बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-17 और अंडर-19 मुकाबलों के साथ पुरुष एवं महिला वर्ग की स्पर्धाएं भी शामिल हैं।
खिलाड़ियों को मिला खेल भावना और लक्ष्य पर ध्यान देने का संदेश
उद्घाटन के दौरान मृदुल सिंह ने खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल ने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की। वहीं सीताराम गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिणाम की चिंता छोड़कर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
आयोजन में व्यवस्थाओं और अतिथि स्वागत की जिम्मेदारी संभाल रहे पदाधिकारियों में स्वागत समिति अध्यक्ष राजेश चौधरी, संसाधन जुटाओ समिति अध्यक्ष रवि चौधरी और मीडिया प्रभारी राजेंद्र कुंतल शामिल रहे। आयोजन समिति के सदस्य विजय जैन, नवनीत, तरुण तिवारी, राजेंद्र गोयल, अभिषेक बंसल और जितेंद्र ने भी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला टेबल टेनिस संघ के संरक्षक दीपराज सिंह ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ।
पहले दिन इन मुकाबलों से हुई शुरुआत
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की टीम स्पर्धा और अंडर-17 बालक वर्ग की व्यक्तिगत प्रतियोगिता शुरू हुई। अगले पांच दिनों तक अलग-अलग आयु एवं वर्गों में खिलाड़ी खिताब के लिए मुकाबला करेंगे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
खाटूश्यामजी से लौट रहे परिवार पर कहर: कोटा हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, 9 की मौत
दो साल का इंतजार खत्म, सिविल जज बनने का बड़ा मौका, 365 पदों पर निकली PCS-J भर्ती; जानें कब से आवेदन
