भुसावर (Bhusawar) में मुस्कान एक पहल (Muskan Ek Pahal) द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय इटामदा में निर्धन बच्चों को गर्म एवं दैनिक कपड़े वितरित किए। संस्था हर सप्ताह गांव-गांव “खुशियों का बाजार” लगाकर जरूरतमंदों की मदद करती है।
भुसावर
पिछले छह सालों से गांव-गांव मुस्कान बाँटने वाली भुसावर की सामाजिक संस्था ‘मुस्कान एक पहल’ ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, इटामदा में एक बार फिर इंसानियत की गर्माहट फैलाई। स्कूल में निर्धन छात्र-छात्राओं के लिए गर्म एवं दैनिक उपयोग के कपड़े वितरित किए गए—ठंड से ठिठुरते बच्चों के चेहरों पर आज सचमुच मुस्कान लौट आई।
कार्यक्रम का संचालन स्कूल की प्राचार्या एवं मुस्कान की मासिक सदस्या सुश्री अर्चना शर्मा के निर्देशन में हुआ। बच्चों को न सिर्फ कपड़े मिले बल्कि यह भरोसा भी कि समाज में अभी भी ऐसे लोग हैं जो बिना किसी हल्ले-गुल्ले के मदद के लिए आगे खड़े रहते हैं।
संस्था के संयोजक अरविन्द मित्तल ने बताया कि शर्दियों के दौरान संस्था हर सप्ताह किसी न किसी गांव में “खुशियों का बाजार” लगाती है, जहां जरूरतमंद लोगों को जनसहयोग से जुटाए गए गर्म कपड़े, सादे कपड़े, जूते, मोजे आदि निःशुल्क दिए जाते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि संस्था सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं है—
✔ निर्धन परिवारों को राशन किट
✔ विधवा की बेटी के विवाह में सहयोग
✔ किसी परिवार में मौत होने पर अंतिम संस्कार हेतु लकड़ी की निःशुल्क व्यवस्था
—इन सबकी जिम्मेदारी भी मुस्कान एक पहल निभाती है।
कार्यक्रम में संस्था द्वारा संचालित 12 प्रकल्पों की जानकारी भी उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ साझा की गई। इस सेवा कार्य में विजय सिंहल, सुनीता मैडम, भारत लाल सहित सभी स्कूल स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
