बैंक मैनेजर को गोलियों से भून डाला, मौत

रायबरेली 

उत्तरप्रदेश के रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बैंक के एक मैनेजर की गोली मार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना का पता बुधवार सुबह तब चला जब आसपास के लोगों ने शव पड़ा देखा। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

पुलिस के अनुसार मृतक बैंक अधिकारी का नाम जयप्रकाश पाल (34) है और वे भवानी नगर सुजानपुर, थाना चकेरी कानपुर नगर के रहने वाले थे। जयप्रकाश पाल मिल एरिया थाना क्षेत्र के मलिक मऊ चौराहे के पास सारस होटल के पीछे किराए के कमरे में रहते थे और बैंक ऑफ बड़ौदा डीह में मैनेजर थे।

बताया जाता है कि मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे बैंक मैनेजर  अपनी कार से वापस श्याम नगर लौट रहे थे। फारेंसिक टीम का अनुमान है कि जैसे ही उन्होंने कार की डिग्गी खोली पीछे से आए शख्स ने उनकी पीठ पर गोली दाग दी। जब मैनेजर पीठ के बल जमीन पर गिरा तो हत्यारों  ने उनके सीने पर पांच राउंड फायर कर दिए।  इसके बावजूद आसपास के लोगों को वारदात की भनक तक नहीं लग सकी। सुबह जब आसपास के लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। जमीनी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को मौके से बुलेट के पांच खोखे मिले हैं। जानकार लाइसेंसी पिस्टल से हत्या किए जाने का दावा कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक  श्लोक कुमार ने बताया कि जयप्रकाश किराए के मकान में रहते थे। उनके घर के बगल वाले मकान में लगे सीसी कैमरे में वारदात से ठीक पहले एक शख्स लंगड़ाता आता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल, पुलिस हर पहलुओं की जांच कर रही है। एसपी का कहना है कि आरोपित बहुत जल्द सलाखों के पीछे होंगे। आरोपितों को पकड़ने के लिए टीम गठित की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस हत्या के पीछे करीबियों पर शक कर रही है।