बस-ऑटो में भीषण भिड़ंत, 13 लोगों की मौत, मृतकों में 12 महिलाएं

ग्वालियर 

ग्वालियर में आनंदपुर ट्रस्ट अस्पताल के सामने 23 मार्च को अलसुबह भीषण हादसा हुआ। इसमें 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 12 महिलाएं और ऑटो ड्राइवर शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि 9 महिलाओं और ऑटो ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। तीन महिलाओं को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें भी मृत घोषित कर दिया गया। दुर्घटना ऑटो और तेज रफ्तार बस की आमने-सामने की भिड़ंत से हुई। लोगों की सूचना पर पुरानी छावनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे की सूचना मिलते ही लोग मदद को दौड़ पड़े। घटना पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया है और मुआवजा देने की घोषणा की है। 

जानकारी का अनुसार सभी महिलाएं आंगनबाड़ी में स्कूली बच्चों के लिए खाना बनाने जा रही थीं। ऑटो ग्वालियर से मुरैना रोड पर चमन पार्क की तरफ जा रहा था, जबकि बस मुरैना से ग्वालियर आ रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। मृतकों में से 9 की पहचान हो गई है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पहले दो ऑटो में जा रही थीं 
सभी 12 महिलाएं दो ऑटो से जा रही थीं, लेकिन रास्ते में एक ऑटो खराब हो गया तो इस ऑटो की महिलाओं को भी दूसरे ऑटो वाले ने बैठा लिया। यही ऑटो इन महिलाओं को मौत की ओर खींच ले गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। प्रशासन के तमाम वरीय अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश में लगे हैं।

चार-चार लाख मुआवजे का ऐलान
घटना पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है। साथ ही पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया।