मुंबई के गोरेगांव में शुक्रवार तड़के तीन बजे 7 मंजिला ईमारत में भीषण आग लग गई। इससे में 7 लोगों की मौत हो गई। दिल दहला देने वाले इस हादसे में 46 लोगों के झुलसने की सूचना है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बिल्डिंग में फंसे 30 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है।
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के एक अधिकारी के अनुसार आग गोरेगांव पश्चिम के आजाद नगर इलाके में जय भवानी बिल्डिंग में सुबह करीब 3 बजे लगी। आग के कारण बिल्डिंग की पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां भी जल गईं। इनमें 4 कार और करीब 30 बाइक शामिल है।
आग में झुलसे लोगों को जोगेश्वरी के एक ट्रॉमा सेंटर और जुहू के कूपर अस्पताल ले जाया गया। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को करीब चार घंटे लग गए। अधिकारी ने कहा कि आठ से अधिक दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि इमारत की पार्किंग में काफी पुराना कपड़ा रखा हुआ था, जिसमें आग लगी और देखते देखते पूरे पार्किंग और इमारत की पहली और दूसरी मंजिल में आग फैल गई।