जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में तैनात एएसआई हरदेवराम को ACB ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि मारपीट के मामले में नाम हटाने के लिए 50 हजार रुपये मांगे गए थे।
जोधपुर। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के शास्त्री नगर थाने में तैनात एक एएसआई की कथित ‘सेटिंग’ उस वक्त धरी रह गई, जब वह शिकायतकर्ता के घर रिश्वत लेने पहुंचा। मारपीट के एक मुकदमे में राहत दिलाने और आरोपियों के नाम हटाने के बदले रुपये मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आरोपी एएसआई को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामला शास्त्री नगर थाने में दर्ज दो क्रॉस एफआईआर से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके पति के साथ मारपीट हुई थी, जिसके बाद मामला दर्ज कराया गया। दूसरी ओर विरोधी पक्ष ने भी पहले ही उसके पति और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। दोनों मामलों की जांच एएसआई हरदेवराम के पास थी।
पहले 5 हजार लिए, फिर 50 हजार की मांग
शिकायत के मुताबिक, जांच अधिकारी हरदेवराम ने शिकायतकर्ता के पति के खिलाफ दर्ज मामले में मदद करने और उसके साथ मौजूद सुंडाराम का नाम मुकदमे से हटाने के नाम पर पहले 5 हजार रुपये ले लिए।
इसके बाद एएसआई ने सुंडाराम को थाने बुलाया और कथित तौर पर कहा कि शिकायतकर्ता के पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे में राहत दिलाने तथा दो लोगों के नाम हटाने के लिए 50 हजार रुपये देने होंगे। आरोप है कि उसने यह रकम “सीआई के लिए” बताकर मांगी।
घर पहुंचा रिश्वत लेने… बाहर ACB पहले से तैयार थी
मामले की शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने रिश्वत मांगने के आरोप का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर एसीबी स्पेशल यूनिट, जोधपुर ने जाल बिछाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक उमेश कुमार बिश्नोई और उनकी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। योजना के तहत आरोपी एएसआई शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और 40 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लेकर जैसे ही उन्हें अपनी पैंट की जेब में रखा, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
अब खुद जांच के घेरे में पुलिसकर्मी
गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम अब यह भी जांच कर रही है कि रिश्वत की मांग में किसी अन्य अधिकारी की भूमिका थी या नहीं और क्या इससे पहले भी इस तरह की वसूली की गई थी।
इस कार्रवाई के बाद जोधपुर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
अब डीजल भी बदलने वाला है! | सरकार की नई तैयारी, आपकी गाड़ी के टैंक में मिलेगा 15% नया बायोफ्यूल
