जयपुर के मानसरोवर में दिनदहाड़े युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने 42 मिनट के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जयपुर। राजधानी जयपुर के पॉश इलाके मानसरोवर में मंगलवार को दिनदहाड़े ऐसा खूनी खेल खेला गया जिसने शहर की कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए। व्यस्त सड़क पर चार बदमाशों ने एक युवक को घेर लिया और उसके सिर व शरीर पर लाठियों-डंडों से इतने वार किए कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। हालांकि, जयपुर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 42 मिनट के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
भागने का मौका नहीं मिला, सड़क पर ही बरसाए डंडे
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान बलबीर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश का निवासी था और वर्तमान में जयपुर में रहकर काम कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से तैयारी के साथ लाठियां और डंडे लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बलबीर को संभलने का मौका तक नहीं दिया और चारों ओर से घेरकर उसके सिर और शरीर पर लगातार वार करते रहे। हमला इतना बर्बर था कि बलबीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वायरल वीडियो ने खोली वारदात की भयावह तस्वीर
घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में दहशत फैल गई। वीडियो में बदमाशों की बेखौफ हरकतें और बीच सड़क पर की गई मारपीट साफ दिखाई दे रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पूरे शहर में नाकाबंदी, 42 मिनट में चारों गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ राजर्षि राज और महेश नगर थाना प्रभारी मदन कड़वासरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को घेरकर तुरंत जांच शुरू की गई।
इसके साथ ही जयपुर के सभी प्रमुख निकास मार्गों, हाईवे और चौराहों पर तत्काल नाकाबंदी कराई गई। पुलिस की इसी त्वरित कार्रवाई का नतीजा रहा कि हत्या के बाद फरार हो रहे चारों आरोपियों को केवल 42 मिनट के भीतर दबोच लिया गया।
एक आरोपी पहले से था वांछित अपराधी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक पहले से पुलिस का वांछित अपराधी था और कई मामलों में फरार चल रहा था। फिलहाल चारों से गहन पूछताछ की जा रही है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बलबीर की हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम थी या किसी तत्काल हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटा रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और वारदात की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले में निष्पक्ष तथा त्वरित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
