हरियाणा के हिसार में लिव-इन पार्टनर ने 32 वर्षीय पूजा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचकर हत्या की बात कबूल कर बैठा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
हिसार। रात के अंधेरे में रिश्ते का खूनी अंत हुआ और सुबह होते-होते कातिल खुद पुलिस चौकी पहुंच गया। उसके मुंह से निकले पहले शब्द थे—“मैंने पूजा का खून कर दिया है।” यह सुनते ही पुलिस टीम उसके साथ सीधे उस घर पहुंची, जहां 32 वर्षीय पूजा का खून से लथपथ शव पड़ा था। गले, पेट और पीठ पर चाकू के इतने वार थे कि बचने की कोई गुंजाइश नहीं बची।
मामला हिसार के शिवनगर का है, जहां पूजा पिछले करीब पांच साल से 28 वर्षीय गौरव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पूजा की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और उसके तीन बच्चे हैं। दूसरी शादी टूटने के बाद वह गौरव के साथ रहने लगी थी।
रात 3 बजे हुआ झगड़ा, गुस्से में बरसाए चाकू
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक बुधवार देर रात करीब तीन बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ। देखते ही देखते बहस हिंसा में बदल गई। आरोप है कि गौरव ने चाकू उठाया और पूजा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गले, पेट और पीठ पर कई वार होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह पड़ोसियों को हुआ शक, फिर खुला राज
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पड़ोसियों को घर के भीतर कुछ असामान्य लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।
इसी दौरान गौरव खुद सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंच गया और हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस उसे साथ लेकर घटनास्थल पहुंची और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया।
पूजा की मां संगीता ने आरोप लगाया कि गौरव उसकी बेटी से गलत काम करवाता था। उनका दावा है कि उसने कम समय में मकान बना लिया और प्लॉट भी खरीद लिया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गौरव कई गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
आरोपी बोला- किसी और से बात करती थी
पूछताछ के दौरान गौरव ने पुलिस को बताया कि पूजा पिछले पांच-छह महीनों से किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया और उसने गुस्से में हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के इस दावे की भी जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
अब टोल प्लाजा पर नहीं लगेगा ब्रेक! | राजस्थान में एक और हाईवे पर शुरू हुई ‘बिना रुके टोल’ व्यवस्था
