दौसा में भाजपा पार्षद विपिन डंडोरिया ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर सफाई कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरण नालियों में उतारने का आरोप लगाया। उन्होंने दस्ताने, मास्क, गमबूट सहित सभी सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने और कार्रवाई की मांग की।
दौसा। नगर परिषद दौसा के वार्ड-23 से भाजपा पार्षद विपिन डंडोरिया ने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर आरोप लगाया है कि शहर में सफाई कर्मचारियों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के नालियों की सफाई कराई जा रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन पर खतरा मंडरा रहा है।
राजस्थान में खुला तबादलों का ‘दरवाजा’ | 5 जुलाई तक होंगे ट्रांसफर, लेकिन इन कर्मचारियों पर अब भी रोक
ज्ञापन में कहा गया है कि कई स्थानों पर सफाई कर्मचारियों को बिना दस्ताने, मास्क, गमबूट और अन्य जरूरी सुरक्षा संसाधनों के गंदी नालियों में उतारा जा रहा है। इससे उन्हें संक्रमण, जहरीली गैसों और अन्य गंभीर स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है।
पार्षद ने कहा कि सफाई के दौरान कर्मचारियों के सीधे गंदे पानी और कचरे के संपर्क में आने से संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है। यदि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा भी हो सकता है। उन्होंने इसे कर्मचारियों के स्वास्थ्य और मानवाधिकारों से जुड़ा संवेदनशील विषय बताया है।
ज्ञापन में जिला प्रशासन से मांग की गई है कि नगर परिषद के अधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश देकर यह सुनिश्चित कराया जाए कि सफाई कर्मचारियों को कार्य शुरू कराने से पहले सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही उनके स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी भी की जाए।
SBI में 1500 प्रोबेशनरी ऑफिसर पदों पर भर्ती: 8 जुलाई तक करें आवेदन, 21.97 लाख तक मिलेगा सालाना पैकेज
पार्षद विपिन डंडोरिया ने चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी प्रशासन की समान जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले में तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी कर्मचारी की जान जोखिम में न पड़े।
ज्ञापन की प्रतिलिपि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग, राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग, स्वास्थ्य विभाग, संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर तथा नगर परिषद आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
