बीकानेर में सनसनी: छत्तरगढ़ के सुरजनवाली में लड़की के रिश्ते के विवाद में बुलाई पंचायत बनी अखाड़ा। चाकुओं से गोदकर 3 की हत्या, 1 घायल। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात।
बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सुरजनवाली गांव में एक विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत देखते ही देखते अखाड़े में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों में बात इतनी बिगड़ी कि एक गुट ने भरी पंचायत के बीच ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला बोल दिया। इस खूनी संघर्ष में तीन लोगों की मौके पर ही बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस तिहरे हत्याकांड (Triple Murder) के बाद पूरे इलाके में दहशत और भारी तनाव का माहौल है।
सुलह कराने बैठे थे पंच-पटेल, मिनटों में बिछ गई लाशें
मिली जानकारी के अनुसार, सुरजनवाली गांव में एक लड़की के रिश्ते को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी गतिरोध को खत्म करने और कोई शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए गांव के पंच-पटेलों की मौजूदगी में एक पंचायत बुलाई गई थी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि बातचीत से मामला शांत हो जाएगा, लेकिन चर्चा के दौरान अचानक माहौल गरमा गया। तीखी बहसबाजी के बीच एक पक्ष ने आपा खो दिया और दूसरे पक्ष पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया।
मृतकों में दो अलग-अलग गांवों के, एक अस्पताल में भर्ती
इस अचानक हुए हमले से पंचायत में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हमले में जान गंवाने वाले तीन लोगों में से दो खारवाली गांव के और एक सुरजनवाली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, चाकुओं के वार से गंभीर रूप से जख्मी हुए चौथे व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
भारी पुलिस बल तैनात, छावनी बना गांव
भरी पंचायत में तीन लोगों की सरेआम हत्या की खबर मिलते ही छत्तरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह धालीवाल पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। तिहरे हत्याकांड के बाद गांव में उपजे आक्रोश और तनाव को नियंत्रण में रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आरोपियों की धरपकड़ के साथ मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
