रणजी ट्रॉफी के लिए राजस्थान की 15 सदस्यीय टीम घोषित हो गई है। भरतपुर के कार्तिक शर्मा, आकाश सिंह और चेतन शर्मा का चयन हुआ है, जबकि मोहित गुप्ता सुरक्षित खिलाड़ी हैं।
भरतपुर (संजीव चीनिया)। क्रिकेट के मैदान पर भरतपुर के तीन युवा खिलाड़ियों ने बड़ी छलांग लगाई है। बीसीसीआई की ओर से 11 अक्टूबर से शुरू हो रही रणजी ट्रॉफी के लिए राजस्थान की सीनियर चयन समिति ने 15 सदस्यीय टीम घोषित की है। इस टीम में भरतपुर के कार्तिक शर्मा, आकाश सिंह और चेतन शर्मा को जगह मिली है। वहीं भरतपुर के ही तेज गेंदबाज मोहित गुप्ता को सुरक्षित खिलाड़ी के तौर पर चुना गया है।
जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के सचिव शत्रुधन तिवारी ने बताया कि राजस्थान का पहला मुकाबला 11 अक्टूबर को तमिलनाडु के खिलाफ जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में खेला जाएगा।
10वीं बोर्ड वालों के लिए बड़ा बदलाव, नंबर कम आए तो मई में फिर परीक्षा; मगर सबको नहीं मिलेगा मौका
कार्तिक का रणजी से आईपीएल तक सफर
21 वर्षीय कार्तिक शर्मा राइट हैंड मिडिल ऑर्डर बैट्समैन हैं। वे पहले भी राजस्थान की ओर से रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और टी-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेल चुके हैं। गत वर्ष आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स ने कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब रणजी टीम में उनका चयन भरतपुर के क्रिकेट के लिए एक और बड़ी उपलब्धि के तौर पर सामने आया है।
पांच साल से आईपीएल में खेल रहे आकाश
23 वर्षीय आकाश सिंह लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर हैं। वे पिछले पांच वर्षों से लगातार आईपीएल में अलग-अलग टीमों के साथ खेल रहे हैं। आकाश रणजी ट्रॉफी के अलावा विजय हजारे ट्रॉफी और टी-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी भी खेल चुके हैं।
अंडर-19 इंडिया खेल चुके चेतन को भी जगह
21 वर्षीय चेतन शर्मा राइट हैंड फास्ट बॉलर हैं। वे अंडर-19 इंडिया और एशिया कप में खेल चुके हैं। वर्तमान में चेतन अंडर-23 शेष भारत की टीम में खेल रहे हैं। राजस्थान की रणजी टीम में उनका चयन भी भरतपुर के क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मोहित गुप्ता सुरक्षित खिलाड़ी
तीन खिलाड़ियों के मुख्य टीम में चयन के अलावा भरतपुर के तेज गेंदबाज मोहित गुप्ता को सुरक्षित खिलाड़ी के रूप में चुना गया है। इस तरह राजस्थान की रणजी टीम में भरतपुर के चार खिलाड़ियों की मौजूदगी सामने आई है।
क्रिकेट संघ कार्यालय में बंटी मिठाई
तीनों खिलाड़ियों के चयन की खबर के बाद जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के कार्यालय में खुशी का माहौल रहा। पदाधिकारियों ने मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को माला पहनाकर खुशी जाहिर की। संघ की ओर से कार्तिक शर्मा, आकाश सिंह और चेतन शर्मा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इस मौके पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विष्णु लोहिया, उपाध्यक्ष राजकुमार जैन और अजय कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता और भरत तिवारी, कोषाध्यक्ष मुनेन्द्र तिवारी, नाहर सिंह, वीनू सिंह, त्रिलोकनाथ शर्मा, विशाल तिवारी, देवेंद्र सिंह कालू, राहुल लोहिया तथा चयनकर्ता नरेश खत्री, सूरज शर्मा, लंकेश सियाराम, प्रेम सिंह और पंकज गोयल मौजूद रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ खेल पत्रकार संजीव चिनिया के साथ बड़ी संख्या में साथी खिलाड़ी और खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
मैदान अधूरा, सुविधाएं सीमित और उम्मीदें पदक की… ऐसे कैसे तैयार होंगे राजस्थान के चैंपियन?



