भरतपुर के सिंघाड़ा गांव में युवक सौरभ जाटव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि प्रेम प्रसंग का एंगल भी चर्चा में है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
भरतपुर। गुरुवार की सुबह सिंघाड़ा गांव में जब लोग अपने-अपने कामों में जुट रहे थे, तब किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ घंटों बाद पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो जाएगा। अल सुबह घर से निकला एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा और फिर उसकी सांसें हमेशा के लिए थम गईं।
मृतक की पहचान सौरभ जाटव के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि सौरभ रोज की तरह सुबह दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि उसके साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई। जब तक परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। इलाज के दौरान डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
शुरुआती जानकारी में मामला एक नाबालिग लड़की से जुड़े कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि युवक किसी युवती से मिलने गया था, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
मृतक के चाचा हरभान सिंह ने रुदावल थाने में शिकायत देकर गांव के ही हीराराम, भरतराम, नाहर सिंह समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि सौरभ की जान चली गई।
युवक की मौत की खबर फैलते ही सिंघाड़ा गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालात को देखते हुए रुदावल और बयाना से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
उधर, मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने वैज्ञानिक जांच का सहारा लिया है। भरतपुर से एफएसएल और मोबाइल फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष आने के बाद मौत की असल वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
रूपवास सीओ नीरज भारद्वाज ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सिंघाड़ा गांव में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ प्रेम प्रसंग का विवाद था या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी हुई है? इसका जवाब अब पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट ही दे पाएगी।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
योग को बोरिंग समझते हैं? जरा रुकिए… | जानवरों की तरह पोज बनाइए, फोटो खींचिए और फिटनेस का मजा लीजिए
