भरतपुर के मथुरा गेट थाना इलाके में प्रॉपर्टी डीलर अजय की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने के बाद हमलावरों ने गाड़ी चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया।
भरतपुर। भरतपुर में गुरुवार शाम एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या से सनसनी फैल गई। मथुरा गेट थाना इलाके में बदमाशों ने अजय नाम के प्रॉपर्टी डीलर पर पहले गोलियां चलाईं और सड़क पर गिरने के बाद गाड़ी चढ़ाकर उनकी जान ले ली। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार खेमरा गांव निवासी अजय (40) MSJ कॉलेज के सामने मड़रपुर रोड स्थित अपने मकान के बाहर स्कॉर्पियो में बैठे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने अजय को जबरन गाड़ी से नीचे उतारा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
जान बचाने के लिए भागे तो पीछे से चला दी गोलियां
मारपीट के बाद अजय वहां से बचकर भागने लगे। इसी दौरान हमलावरों ने उनका पीछा करते हुए कई राउंड फायर किए। गोली लगने से अजय सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद हमलावरों ने उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
स्थानीय लोग घायल अजय को तुरंत RBM अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को अस्पताल से रीको जाने वाली सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
CCTV से हमलावरों की तलाश, जिलेभर में नाकाबंदी
घटना की सूचना मिलते ही भरतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई है और विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
