राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक बैरवा के परिवार ने जीत की हैट्रिक लगाई। पत्नी आशा बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख, समधन अलका बैरवा जिला प्रमुख और बेटा मयंक बैरवा प्रधान बने।
जयपुर: राजस्थान की सियासत में पंचायत चुनाव के नतीजों ने एक ऐसे घर की किस्मत चमका दी है, जिसकी चर्चा अब चाय की थड़ियों से लेकर जयपुर के गलियारों तक गूंज रही है। चुनाव के मैदान में जब कई दिग्गजों के पसीने छूट गए, तब कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक बैरवा के परिवार ने मानो सत्ता का ‘जैकपॉट’ ही फोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन-तीन सदस्यों के सिर पर ताज सजा है, जिससे सियासी पारा हाई हो गया है।
घर के भीतर ही बंट गई बड़ी कुर्सियां
अशोक बैरवा के कुनबे की इस धमाकेदार पारी की शुरुआत तब हुई जब उनकी पत्नी आशा बैरवा सवाई माधोपुर से निर्विरोध जिला प्रमुख चुन ली गईं। बिना किसी मुकाबले के मिली इस जीत ने परिवार के जश्न का आगाज कर दिया।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई! सियासी रिश्तों की डोर थामे उनकी समधन अलका बैरवा ने भी टोंक की गद्दी पर कब्जा जमाते हुए जिला प्रमुख का पद अपने नाम कर लिया। यानी दो अलग-अलग जिलों की कमान अब इस एक ही परिवार के रिश्तों के हाथों में आ गई।
बेटे ने लगाई ‘हैट्रिक’ पर मुहर
जश्न की डबल खुशी के बीच परिवार की युवा ब्रिगेड ने भी कमाल कर दिखाया। अशोक बैरवा के बेटे मयंक बैरवा ने खंडार पंचायत समिति के प्रधान पद पर जीत का परचम लहरा दिया।
क्यों मची है सियासी गलियारों में खलबली?
एक ही परिवार से दो जिला प्रमुख और एक प्रधान—ये आंकड़ा सुनकर विरोधी खेमे में भी हलचल तेज है। सियासी जानकारों के बीच इस ‘फैमिली पैकेज’ और जीत की हैट्रिक को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। पंचायत चुनाव के इस महासंग्राम में अशोक बैरवा के परिवार ने जिस तरह तीन अहम सीटों पर कब्जा जमाया है, उसने इस जीत को बेहद खास और चर्चा का सबसे बड़ा मसाला बना दिया है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
